हाईकोर्ट के वकील ने डॉक्टर को डंडे से पीटा, दोनों पक्ष के लोग पहुंचे थाने, इसलिये हुआ था विवाद….।

बिलासपुर : घटना हाईकोर्ट के वकील द्वारा डॉक्टर को डंडे से पीटने की है, जहाँ न्यायधानी में मोबाईल मेडिकल यूनिट टीम के एक डॉक्टर के साथ हाईकोर्ट के वकील रजनीश सिंह बघेल ने मारपीट कर दी है। दोनों के बीच स्कूटी हटाने को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखने वकील ने डॉक्टर पर डंडे से हमला कर दिया। यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

गुरुवार दोपहर मंगला बस्ती मोबाईल मेडिकल यूनिट की टीम पहुंची, जहां जॉय रेसिडेंसी के सामने क्लीनिक लगाकर मरीजों का इलाज कर रही थी। इसी दौरान डॉक्टर अंशुल भौमिक ने अपनी स्कूटी को सड़क किनारे बाजु में खड़ा कर दिया था। इसी बीच वकील ने अपनी कार निकालने के लिए स्कूटी हटाने को कहा। जब तक डॉक्टर स्कूटी हटाता उससे पहले ही वकील कार से उतरा और गाली-गलौज करने लगे।

वकील ने डॉक्टर को डंडे से पीटा:

स्कूटी हटाने से पहले ही विवाद बढ़ने पर वकील डंडा लेकर दौड़ पड़े और डॉक्टर को पीटना शुरू कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें रोकने की भी कोशिश की। अब इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। मारपीट की घटना के बाद डॉक्टर, मोबाईल यूनिट की टीम और नगर निगम की टीम सिविल लाइन थाने पहुंची। जहां मामले में वकील के खिलाफ शिकायत की है। घटना की सूचना विभाग के अधिकारियों को भी दी गई है।

अधिवक्ता संघ भी पहुंचे थाने:

इधर वकील रजनीश सिंह बघेल भी अपने परिवार के सदस्यों को लेकर केस दर्ज कराने थाने पहुंचे। उन्होंने अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों को बुला लिया। जिसके बाद वकीलों की टीम भी थाने पहुंच गई। सिविल लाइन टीआई प्रदीप आर्या का कहना है कि दोनों पक्ष ने मामले की शिकायत की है। मेडिकल कराने के बाद जांच कर आगे की कार्यवाही की जायेगी। पुलिस मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के प्रयास कर रही है।