रायपुर : अभी परसों ही महादेव एप में रणबीर कपूर फंसे, अब ऑनलाईन बेटिंग ऐप केस में कॉमेडियन कपिल शर्मा, एक्ट्रेस हुमा कुरैशी और हिना खान को भी ED ने समन भेजा है। हालांकि दोनों को कब बुलाया गया है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। वहीं, एक्टर रणबीर कपूर ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) को ईमेल भेजकर पेश होने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है। इधर सौरभ चंद्राकर के कनेक्शन दाउद इब्राहिम से भी निकले है, उसे भी सौरभ पैसा भेजता था, महादेव ऑनलाइन बुक गेमिंग-सट्टेबाजी ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर का नाम अब अंडरवर्ल्ड से भी जुड़ रहा है। पिछले साल जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के जबरन वसूली की मांगों के खिलाफ सौरभ चंद्राकर दृढ़ रहे और अपने खुद के अंडरवर्ल्ड कनेक्शनों का हवाला देते हुए चेतावनी दी थी।
सौरभ चंद्राकर, दाऊद इब्राहिम गिरोह के संरक्षण में है। पिछले साल, ऐप की सफलता का जश्न मनाने के लिए दुबई में एक शानदार पार्टी आयोजित की गई थी। इस पार्टी में बॉलीवुड हस्तियों की उपस्थिति को सुरक्षित करने के लिए हवाला चैनलों के माध्यम से पर्याप्त राशि वितरित की गई थी। इस पार्टी में पाकिस्तान से आए कुछ मेहमान भी शामिल हुए थे। ये मेहमान खास थे। अब ईडी इस बात की जांच कर रही है कि पाकिस्तान से आए खास मेहमान कौन थे।
महादेव ऑनलाइन बुक संयुक्त अरब अमीरात में एक केंद्रीय मुख्य कार्यालय के माध्यम से संचालित होता है और 70-30 लाभ-साझाकरण अनुपात पर सहयोगियों को फ्रेंचाइजी पैनल/शाखाएं प्रदान करता है। सट्टेबाजी की आय हवाला के माध्यम से हस्तांतरित की जाती है।
रणबीर को 6 अक्टूबर यानी आज रायपुर के ED दफ्तर में पेश होना था। ED रायपुर के वकील सौरभ पांडेय ने बताया कि रणबीर को 6 नहीं 5 अक्टूबर को पेश होना था, लेकिन वे नहीं आए। शाम 5 बजे तक अफसरों ने उनका इंतजार किया। उनका ईमेल मिलने के बाद अब शुक्रवार को तय किया जाएगा कि उन्हें दूसरा समन किस तारीख काे भेजा जाए। इधर रणबीर ने ED से एक सप्ताह का समय माँगा है।
रणबीर पर सौरभ चंद्राकर के बेटिंग ऐप के प्रमोशन करने का आरोप है। ED का कहना है कि इसके लिए रणबीर को हवाला के जरिए नगद भुगतान किया गया था। एक्टर से ED जानना चाहती है कि वह इसका प्रमोशन कब से कर रहे हैं? इसके लिए किसने संपर्क किया और पेमेंट किस तरह से मिला।
मीडिया रिपोर्ट्स का दावा – रणबीर आरोपी नहीं :
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि रणबीर इस केस में आरोपी नहीं है। ED सिर्फ उनके जरिए लेन-देन को समझना चाहती है। इस केस का मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर है जिसकी शादी में टाइगर श्रॉफ, नुसरत भरूचा, सुखविंदर सिंह, नेहा कक्कड़ और सनी लियोनी समेत 14-15 सेलेब्स ने शिरकत की थी। इन सभी को ED समन भेज सकती है। जबकि क़ानूनी तौर पर जाने – अनजाने यदि किसी अपराध से व्यक्ति का नाम जुड़ जाता है तो आम वर्ग में उसे भी सहआरोपी बना दिया जाता है, जबकि इस केस में रणबीर खुले तौर पर महादेव एप को प्रमोट कर चुके है।
दो बार समन भेजने पर भी नहीं आए तो हिरासत में ले सकती है ED :
बेटिंग ऐप केस में जांच कर रहे अफसरों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय की ओर से एक्टर रणबीर कपूर को फिर से समन भेजा जायेगा। अगर दो बार समन जारी करने के बाद भी वो पूछताछ में शामिल नहीं होंगे तो ED की टीम रणबीर कपूर को पूछताछ के लिए हिरासत में ले सकती है। जिसको लेकर ED से रणबीर ने समय माँगा है।
417 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त
ऑनलाईन बेटिंग ऐप से जुड़े लोगों के खिलाफ ED लगातार कार्यवाही कर रही है। इस समय ये कारोबार अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान के आंतकवादियों से जुड़े होने का संदेह खड़ा कर रहा है, जिसमें दाऊद इब्राहिम का कनेक्शन तो खुल ही चूका है। 15 सितंबर को ED ने रायपुर, भोपाल, मुंबई और कोलकाता में 39 स्थानों पर छापेमारी कर सटोरियों के ठिकानों से 417 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति जब्त की थी। इसमें बड़ी तादाद में सोने-चांदी के जेवर और नगद बरामद किया गया था।
सटोरिए की शादी में 200 करोड़ रुपए खर्च :
फरवरी 2023 में बेटिंग ऐप के संचालक सौरभ चंद्राकर ने दुबई में शादी की थी। इस शादी समारोह में करीब 200 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। परिवार को लाने और ले जाने के लिए निजी जेट किराए पर लिए गए। इसके अलावा शादी में परफॉर्म करने के लिए मशहूर सेलिब्रिटीज को बुलाया गया था। इस शादी में राज्य के लगभग 100 लोगों को दुबई ले जाया गया था, जिनको लेकर भी ED कार्यवाही करने में जुटी हुई है।
वेडिंग प्लानर, डांसर, डेकोरेटर मुंबई से हायर किए गए। हवाला चैनलों का इस्तेमाल कर इन्हें पैसे दिए गए थे। योगेश पोपट नाम के व्यक्ति की कंपनी आर-1 इवेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को हवाला के जरिए 112 करोड़ रुपए पहुंचाए गए और 42 करोड़ रुपए में होटल की बुकिंग करवाई गई थी।
ये है पूरा मामला :
- छत्तीसगढ़ के रहने वाले सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल मनी लॉन्ड्रिंग केस में वांटेड हैं।
- ED के सूत्रों की माने तो चंद्राकर ने 18 सितंबर 2022 को दुबई के एक 7 स्टार होटल में पार्टी दी थी। इस पार्टी में कुछ बॉलीवुड सेलेब्स भी शामिल हुए थे, जिसके लिए उन्होंने 40 करोड़ रुपए चार्ज किए थे।
- इसी साल फरवरी में सौरभ ने अपने परिवार वालों को नागपुर से प्राइवेट जेट्स के जरिए दुबई बुलाया था। बॉलीवुड सेलेब्स, वेडिंग प्लानर्स, डांसर्स और डेकोरेटर्स भी मुंबई से दुबई पहुंचे थे। इसी शादी में इन 17 सेलेब्स ने परफॉर्म किया था।
- पिछले साल दिसंबर से चल रही इस केस की इन्वेस्टिगेशन में अब जाकर बॉलीवुड कनेक्शन सामने आया है।
- अब इसमें आतंकवादी कनेक्शन भी खुलने का संदेह आ रहा है, सौरभ के दाऊद से सम्बन्ध खुल चुके है।