दुर्ग/भिलाई : स्कूल में अचानक से 15 बच्चों के बेहोश होने पर स्कूल में हड़कम्प मच गया , जहाँ स्कूल प्रशासन ने तुरंत बच्चों का डॉक्टरी परीक्षण करवाया, यह घटना पेंड्रावन प्राथमिक स्कूल में गुरुवार को एक-एक कर 15 बच्चे बेहोश हो गए। स्कूल प्रबंधन ने आनन-फानन में बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के बाद उनकी स्थिति में सुधार आया, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने राहत की साँस ली। बच्चे बेहोश क्यों हुए ये तो पता नहीं चला है, लेकिन अध्यापकों का कहना है कि बच्चे घर से बिना खाना खाए आ गए थे। भूख के चलते उन्हें चक्कर आ गया।
जानकारी के मुताबिक, धमधा ब्लॉक के पेंड्रावन शासकीय माध्यमिक विद्यालय में प्रार्थना के दौरान गुरुवार को 3 बच्चे बेहोश हो गए थे। प्रार्थना के बाद जब बच्चे क्लास रूम में पहुंचे, तो वहां बेहोश होने वाले बच्चों की संख्या बढ़कर 15 हो गई। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों और बच्चों के परिजनों को दी। बच्चों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पेंड्रावन ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने बच्चों का स्वास्थ्य परिक्षण किया।
आला अधिकारी और परिजन भी बच्चों का हाल जानने पहुंचे अस्पताल :
परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर अपने बच्चों का हालचाल जाना। गांव के सरपंच रेखचंद साहू भी हाल बच्चों का हाल जानने पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया और इसकी शिकायत ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर धमधा से की।सूचना मिलते ही बीएमओ डॉ. केएस ठाकुर भी डॉक्टरों की टीम के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। इसके बाद बच्चों को इलाज के लिए सीएचसी धमधा पहुंचाया गया। वहां सभी बच्चों की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। बच्चों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। बच्चे स्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर परिजनों और अधिकारीयों ने राहत की सांस ली।
प्रधान पाठिका ने कहा – भूख के चलते हुई परेशानी :
स्कूल की प्रधान पाठिका दुर्गेश्वरी साहू का कहना है कि बच्चे घर से खाना खाकर नहीं आए थे। उन्हें पहले से ही बुखार भी था, इसके चलते उन्हें चक्कर आया। पहले प्रार्थना के दौरान 3 बच्चे बेहोश हुए। इसके बाद क्लास में बेहोश होने वाले बच्चों की संख्या बढ़ गई। फिलहाल सभी बच्चे स्वस्थ हैं। वहीं स्कूल में भी डॉक्टर को बुलाया गया था, जिसने सभी बच्चों की जांच की, जहाँ सभी बच्चे ठीक पाये गये, उनका आवश्यक प्राथमिक इलाज किया गया।
परिजनों ने की स्कूल प्रबंधन पर कार्यवाही की मांग :
इधर परिजनों ने बच्चों की सेहत का ध्यान नहीं रखने पर स्कूल प्रबंधन पर कार्यवाही करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि वे अपने बच्चों को भरोसे के साथ विद्यालय भेजते हैं और वहां उनकी देखभाल करना शिक्षकों और स्टाफ का काम है। इकठ्ठा 15 बच्चों का बेहोश हो जाना मामूली बात नहीं है। परिजनों ने कहा कि बच्चे घर से नाश्ता करके गए थे, इसलिए प्रधान पाठिका की ये बात सही नहीं है कि बिना खाए बच्चे बेहोश हो गए।