रायपुर : अभी कल ही तेलीबांधा में युवक – युवतियों के बीच मारपीट हो गई थी, अब अगले ही दिन कोलकाता-नागपुर नेशनल हाईवे पर जोरा इलाके में शनिवार देर रात फिर जमकर मारपीट हुई। दो कार में सवार लोग एक-दूसरे से भिड़ गए। गाली-गलौज करते हुए एक-दूसरे के कपड़े भी फाड़ दिए। इसी जगह पर ठीक एक दिन पहले भी युवक-युवतियों के बीच गाड़ी की टक्कर के बाद मारपीट हुई थी। इस बार पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए सभी 10 आरोपियों को महज 100 मिनट के भीतर ही दबोच लिया। फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों की तरफ से FIR दर्ज कराया गया है। सभी पुलिस गिरफ्त में है।
ये थी पूरी घटना, जानिए :
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ये घटना 8 अक्टूबर की रात साढ़े 12 बजे के करीब तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है। जोरा ओवरब्रिज के पास दो कार चालकों के बीच नेशनल हाईवे पर साइड लेने को लेकर विवाद हो गया। ये दोनों कार चालक एक-दूसरे को ओवरटेक कर आगे जाना चाहते थे। पहली कार में महावीर नगर के रहने वाले शैलेश इसरानी, डिंपल इसरानी और एक अन्य युवक आकाश सचदेव मौजूद था। ये लोग फैमली ढाबे से खाना खाकर लौट रहे थे। दूसरी कार में रावरी भारती नाम का युवक और उसके 4 दोस्त बैठे थे। वे सभी नवा रायपुर की तरफ घूमने जा रहे थे। आगे जाने और साईड ना देने के कारण उनमें विवाद हो गया।
फिर कुछ दूर आगे बढ़ने के बाद साइड न देने को लेकर दोनों ने अपनी-अपनी कार रोक दी। दोनों कारों में सवार लोग नीचे उतरे और आपस में बहस करने लगे। बात इतनी बढ़ी कि गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्ष एक-दूसरे को लात-घूंसों से मारने लगे। इसी बीच रावरी भारती के कुछ और दोस्त मौके पर पहुंचे और उन्होंने ने भी मारपीट चालू कर दी, जो उपरोक्त परिवार पर हावी हो गये।
नेशनल हाईवे में होता रहा तमाशा :
इसके बाद भी सड़क पर तमाशा चलता रहा। दोनों पक्ष एक-दूसरे को उठा-उठाकर सड़क पर पटक रहे थे। इनमें से कुछ को तो नशे में ये भी होश नहीं था कि उनकी जान तक जा सकती है। हाईवे पर तेज रफ्तार में ट्रक और बड़े वाहन गुजर रहे हैं। तेलीबांधा पुलिस को इस घटना की सूचना जैसे ही मिली। उन्होंने तत्काल टीम मौके पर भेजी, लेकिन तब तक वहां से सभी आरोपी भाग चुके थे। आरोपियों की लोकेशन और गाड़ी नंबर को कैमरे से ट्रेस किया गया तो पता चला कि इनमें से कुछ अमलीडीह इलाके में छिपे हुए हैं। वहां पुलिस ने छापा मारा तो मौके से 7 आरोपी गिरफ्तार हो गए। इसके बाद दूसरे पक्ष के भी तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
3 कारें जब्त, नशे में गाड़ी चलाने समेत 6 धाराओं में FIR :
इस मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर एफआईआर दर्ज कराई है। डिंपल इसरानी की तरफ से पुलिस ने बलवा, मारपीट, धमकी और गाली-गलौज का मामला दर्ज किया गया है। वहीं रावरी भारती की तरफ से भी मारपीट और गाली-गलौज की धारा लगाई गई है। दोनों कारों के चालकों ने शराब पी रखी थी, जिसकी वजह से मोटर व्हीकल एक्ट भी लगाया गया है। पुलिस ने 3 कारों को जब्त कर लिया है। पुलिस ने इस मामले मे एक पक्ष से आकाश शर्मा, राहुल वैष्णव, गौतम सिंह राजपूत, रावरी भारती, आसिमा लाल, अपूर्व भट्टाचार्य, अजय महापात्र को गिरफ्तार किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष से शैलेश इसरानी, डिंपल ईसरानी, आकाश सचदेव की गिरफ्तारी की गई है। इनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।
एक रात पहले भी उसी जगह हुआ था बवाल :
इस घटना में 24 घंटे पहले 7 अक्टूबर को भी रात करीब 1 बजे इसी जगह पर दो कारों की आपस में टक्कर से युवक और युवतियों के बीच मारपीट हुई थी। जिसमें युवतियों ने तेलीबांधा थाने में FIR दर्ज करवाई थी। इस मामले में पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उन पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप दर्ज हुआ है। इस घटना में भी आरोपी शराब के नशे में थे।