खंडवा (म.प्र.) : ट्रेनों को रवाना करने के लिये रेलवे लगातार मेंटेनेंस करता है, रूट और ट्रैक बदलने के लिये कई बार इंजन को निकाला अथवा बदला भी जाता है। खंडवा में रेल का डिब्बा जोड़ते समय अचानक इंजन पीछे आ गया और कर्मचारी की दबने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह मामला खंडवा के अतर रेलवे स्टेशन का है। यह घटना बुधवार रात करीब दस बजे की है। परिजनों ने बताया कि अतर में रेल स्टापेज के समय कर्मचारी इमरान पुत्र इदरिस डिब्बे जोड़ने का कार्य कर रहा था। तभी अचानक इंजन पीछे की तरफ से आ गया और घटना में इमरान की मौत हो गई। इमरान उसकी चपेट में आकर बुरी तरह जख्मी हो गया था। उसे सम्हलने का मौका ही नहीं मिल पाया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। परिजनों को इसकी सूचना मिलने पर वे घटनास्थल पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए खंडवा पहुंचाया गया।
परिजनों ने लगाए आरोप :
पोस्टमार्टम रूम के बाहर मृतक के स्वजनों ने गुरुवार को आक्रोश जताते हुए रेलवे अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए। मृतक के परिजन सईद खान ने कहा कि लोको पायलट व गार्ड की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। इन पर कार्यवाही की जाए। वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया कि इस मामले में रेलवे के अधिकारियों ने घटना के बाद कोई मदद नहीं की। हम निजी वाहन से शव को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां भी कोई देखने तक नहीं आया। इस मामले में जीआरपी थाने में मर्ग कायम कर किया गया है।