रायपुर : एक तरफ नशे की तस्करी चरम पर है, वहीँ इधर पुलिस ने एक युवक को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। ये युवक सस्ती शराब को महंगी बोतलों में भरकर बेच दिया करता था। जिसे लोग ज्यादा दामों में भी खरीद लेते थे। पुलिस ने सूचना मिलते ही घर पर छापा मार कर 30 हजार रूपये की अवैध शराब को जब्त किया है। सिविल लाइन पुलिस को गुरुवार को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। जिसके बाद पुलिस की टीम बनाकर रवाना की गई। पंडरी के काली नगर में कब युवक के घर पर पुलिस ने छापा मारा तो पता चला वहां माजरा कुछ और था। मौके पर पुलिस को पहले शराब की सैकड़ो खाली बोतलें मिली। ये देखकर पुलिस भी हैरान रह गई , उसे एकबारगी माजरा समझ में ही नहीं आया। पुलिस ने वहां मौजूद मध्यप्रदेश के निवासी बुद्धसेन जायसवाल को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में उगला सच :
जब आरोपी बुद्धसेन से पुलिस ने पूछताछ की गई तो शुरुआत में वो टालमटोल करने लगा। फिर कड़ाई से पूछने पर उसने सच उगल दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वो सस्ती शराब की बोतले खरीदकर लाता है। फिर उसे महंगी अंग्रेजी शराब की बोतलों में पलट देता है, और फिर बाजार में बेच भी देता है, लोग महंगी शराब समझकर खरीद भी लेते है। आरोपी ने बताया कि वो 300-400 के करीब कीमत की शराब को इस तरह से 3-4 हजार रुपयों में बेच देता था। इस मामले में पुलिस ने युवक के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ASP क्राइम ने कहा 100 प्रतिशत कार्यवाही करेंगे :
रायपुर एएसपी क्राइम पीतांबर पटेल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा की अवैध शराब और नशाखोरों के खिलाफ पुलिस पूरी सख्ती से लगातार काम कर रही है। बीतें दिनों भी अवैध शराब के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यदि कोई दुकानदार भी इस अवैध नशा से जुड़े सामान बेचता है तो उस पर भी एक्शन लिया जाएगा। नशे के सौदागर पुलिस की गिरफ्त से बच नहीं पाएंगे।