दुर्ग/भिलाई : राज्य में आचार संहिता को लेकर पुलिस काफी चाक चौबंद है, दुर्ग में पुलिस की चैकिंग देखकर ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग गया। ट्रक नंबर के आधार पर वाहन मालिक की जानकारी ली गई तो पता चला कि कोई अज्ञात आरोपी ट्रक को चोरी करके भागा है। दुर्ग सीएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के तहत पुलिस चौकी जेवरा सिरसा द्वारा लगातार क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग किया जा रहा था। वाहनों को लगातार निगरानी में रखे हुये है।
उसी दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति ग्राम बासिन के अग्रवाल ईंट फैक्ट्री के पास ट्रक को छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर ट्रक के रजिस्ट्रेशन के सहारे वाहन मालिक की पतासाजी की गई। इससे ट्रक चोरी की जानकारी मिली कि चौकी सिलतरा थाना धरसींवा जिला रायपुर में किसी ने ट्रक को चोरी कर लिया था। आगे की कार्यवाही करके मालिक को वाहन वापस कर दिया जायेगा।