युवती से दोस्ती कर बनाई अश्लील फोटो और करने लगा ब्लैकमेल, फिर फोटो को कर दिया वायरल, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।

कोरबा : सोशल मिडिया में अपनी निजी तस्वीरें शेयर करना कितना घातक हो सकता है, लोग इस खबर से समझ सकते है, कई घटनायें तो पुलिस तक पहुँच भी नहीं पाती तब तक युवती अथवा महिला की इज्जत लोगों के सामने तार – तार हो जाती है। घटना में सोशल मीडिया पर युवती से दोस्ती करने के बाद मिलने पर अपनी गलत नियत में सफल नहीं होने पर युवक ने युवती की फोटो एडिट कर अश्लील बना दी। इसके बाद उसे वायरल कर ब्लैकमेल करते हुए डिलीट करने के लिए रकम मांगने लगा। मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया है। अभी आरोपी पुलिस गिरफ्त में है।

पुलिस के अनुसार उरगा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती से सोशल मीडिया के जरिए एक साल पहले इंदौर (मध्यप्रदेश) निवासी अभय खिराडे ने दोस्ती की। वह मोबाइल पर चैटिंग करने लगा। दो माह पहले वह कोरबा आकर लॉज में रूका। यहां उसने युवती को मिलने बुलाया। युवती के पहुंचने पर वह गलत नियत में था। युवती के मना करने पर वह गुस्से में उसे बदनाम करने की धमकी देने लगा। उसने युवती की फोटो को अश्लील रूप से एडिट करके ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। युवती ने उसका मोबाईल नंबर ब्लॉक कर दिया तो उसने युवती की अश्लील फोटो को सोशल मीडिया पर फोटो वायरल कर दिया।

इसके बाद परेशान युवती ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। युवती के भाई ने युवक से बात की तो वह फोटो डिलीट करने के लिए रकम मांगने लगा। इसके बाद पीड़िता ने उरगा थाना में रिपोर्ट लिखाई। यहां केस दर्ज कर लिया गया। एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर रवाना करने का निर्देश दिया, जहाँ टीम ने उसे पकड़ लिया।