रायपुर : 7 अक्टूबर को मतदान का पहला चरण है और 17 अक्टूबर दूसरा, चुनाव में शराब और हथियार से अपराधी मतदाताओं को भयभीत या प्रभावित करते हैं। पूर्व में चुनावों में प्रचार के दौरान हुए विवाद, मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले ऐसे आपराधिक तत्वों का भी रिकार्ड खंगाला गया है। इसके अलावा पुलिस से अपने-अपने क्षेत्र के संवेदनशील मतदान केंद्रों की भी जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजी गई है। रायपुर पुलिस ने जिलाबदर के लिए 33 बदमाशों की सूची सौंपी है। तीन आदतन अपराधियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रकरण प्रस्तुत किए गए हैं। सभी को जिलाबदर करने की तैयारी है।
प्रस्तुत प्रकरणों में से दो आरोपियों के प्रकरणों की प्रक्रिया पूरी होने पर जिला दंडाधिकारी रायपुर द्वारा इनके जिलाबदर के लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं। इन्हें रायपुर आसपास के जिलों में रहने, आने-जाने की मनाही होगी। विकास उर्फ भीम उर्फ रावण मधुकर उम्र 23 वर्ष निवासी इंद्रा नगर शुक्रवारी बाजार बिरगांव थाना उरला जिला रायपुर एवं मोहम्मद जुबेर उम्र 20 वर्ष निवासी गाजी नगर बिरगांव थाना उरला जिला रायपुर के विरुद्ध जिला दंडाधिकारी रायपुर द्वारा रायपुर और सीमावर्ती जिला दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, बलौदा बाजार के सीमाओं में बिना सक्षम न्यायालय की अनुमति के प्रवेश न करने आदेशित किया गया है।
सभी संगीन अपराध में शामिल है आरोपी :
विकास उर्फ भीम उर्फ रावण मधुकर के विरुद्ध थाना उरला में वर्ष 2018 से 2023 के बीच लोगों को डराना धमकाना, गुंडागर्दी, अवैध रूप से चाकू रखकर लहराते हुए लोगों को डराना धमकाना, नाबालिग को बहला फुसलाकर भगा कर ले जाना, जुआ खेलना जैसे संगीन छह अपराध थाना उरला रायपुर में पंजीबद्ध हुए हैं। जिसको लेकर जिलाबदर का आदेश आ चूका है।
वहीं मोहम्मद जुबेर द्वारा भी थाना उरला के साथ-साथ रायपुर जिला के थाना खमतराई अंतर्गत विगत कुछ वर्षों 2018 से 2023 तक अनावेदक अपराध में संलिप्त रहा है। इसके विरुद्ध गुंडागर्दी करना, मारपीट करना, चाकूबाजी करना, जान से मारने की धमकी देना, कैंची से वार कर चोट पहुंचाया, लूटपाट जैसे संगीन अपराधों के कुल 11 अपराध थाना उरला एवं थाना खमतराई में पंजीबद्ध रहे हैं। इसे भी जिलाबदर करने का आदेश आ चूका है।
चुनाव पर चला विशेष अभियान :
एक वर्ष में छोटे-बड़े तीन हजार से अधिक मामले दर्ज होते हैं। समय-समय पर पुलिस अपने थाना क्षेत्र के गुंडे बदमाशों पर गुंडा एक्ट सहित जिलाबदर की कार्यवाही करती रहती है। चूंकि इस वर्ष चुनावी समय है, इसलिए चुनाव के पूर्व ऐसे अपराधियों को जिले से बाहर खदेड़ने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। ये बदमाश चुनाव में माहौल कह्राब कर अराजकता फैलाते है। इसके अलावा भी अन्य छोटे अपराधिक तत्वों से बांड भरवाए गए हैं। चुनाव को देखते हुए पुलिस ने शराब तस्करी पर कार्यवाही करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अवैध हथियारों को भी पकड़ने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार कार्यवाही जारी है। जैसे – जैसे बदमाशों की लिस्ट आती जायेगी उनके खिलाफ जिलाबदर की कार्यवाही की जायेगी।