उज्जैन (म.प्र.) : फिल्म कलाकारों की हर एक्टिविटी के साथ मंदिर दर्शन और आस्था को लेकर उनके प्रशंसक लगातार उत्सुकता में रहते है। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में सोमवार तड़के 4 बजे प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने भगवान महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए। उनके साथ फिल्म निर्देशक एटली भी मौजूद थे। भस्म आरती के दौरान जाह्नवी शिव भक्ति में लीन नजर आई, उन्होंने भक्तों के साथ भजन भी गाए। उनकी उपस्थिति को लेकर लोगों में खासा उत्साह था।
रात करीब साढ़े तीन बजे अपने करीबी मित्र तथा डायरेक्टर एटली के साथ जाह्नवी कपूर लालरंग की साड़ी पहने मंदिर पहुंची। प्रोटोकाल कर्मचारी उन्हें वीआईपी गेट से सीधे नंदी मंडपम में लेकर और नंदीजी की मूर्ति के समीप बैठाया। आरती के दौरान वे पूरे समय शिव भक्ति में लीन नजर आई।
आरती संपन्न होने के बाद उन्होंने गर्भगृह की दहलीज से भगवान महाकाल के दर्शन किए। पुजारियों ने उनकी ओर से भगवान महाकाल को जल व पूजन सामग्री अर्पित की।
महाकाल दर्शन के बाद वे मंदिर परिसर स्थित महानिर्वाणी अखाड़े पहुंची तथा महंत विनीतगिरिजी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा भगवान को अर्पित की जाने वाली भस्मी के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। मीडिया से चर्चा में अभिनेत्री जाह्नवी ने कहा कि महाकाल दर्शन करने के बाद उन्हें सुखद अनुभूति हो रही है। उन्होंने मंदिर व्यवस्था की सराहना भी की। यहाँ से भगवान महाकाल के दर्शन कर वो वापस लौटी।