रायपुर : सत्ता परिवर्तन के बाद बृजमोहन अग्रवाल लगातार एक्शन के मूड में दिखाई दे रहे है। छत्तीसगढ़ की 6वीं विधानसभा में बृजमोहन अग्रवाल सबसे सीनियर विधायक होंगे। वह रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट से लगातार 8वीं बार विधानसभा चुनाव जीते हैं। ऐसे में वह सीएम पद के दावेदार भी माने जा रहे हैं, हालाँकि ऐसा होना मुश्किल है। खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा ने शानदार वापसी की है। ऐसे में बृजमोहन अग्रवाल को भी बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। इसी बीच उन्होंने नई सरकार के गठन पर भी बड़ा बयान दिया है। सत्ता बदलते ही राजधानी में अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलना शुरु हो गया है।
बृजमोहन ने कहा 2-4 दिन में नई सरकार का गठन संभव :
छत्तीसगढ़ में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। यहाँ चेहरा फाईनल करने के लिये केन्द्रीय नेतृत्व मंथन कर रहा है। राजस्थान में भी वसुंधरा राजे के कारण मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पेंच फंस गया है। छत्तीसगढ़ में भाजपा ने 90 में से 54 सीटें जीतकर राज्य की सत्ता में वापसी की है, लेकिन अब तक नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर नहीं लग पाई है। जब इस बात को लेकर बृजमोहन अग्रवाल से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा ‘अगली सरकार का गठन अगले 2-4 दिन में होन संभव है।केंद्रीय नेतृत्व में प्रक्रिया चल रही है, सीएम पद से लेकर सभी बड़े निर्णय जल्द लिए जाएंगे।’
बृजमोहन ने अपराधियों को दी चेतावनी :
बृजमोहन अग्रवाल ने अपराधियों को भी चेतावनी दी है। छत्तीसगढ़ में बुलडोजर कार्यवाही पर उन्होंने कहा ‘अपराधी अब सुधर जाएं, वरना सुधार दिए जाएंगे। कानून व्यवस्था को हाथ में लेने का अधिकार यहां किसी को नहीं है, रायपुर को कबाड़ खाना बनाया गया है, उससे मुक्ति जरूरी थी, इसलिए इस तरह की कार्यवाही होना बहुत जरूरी है। जमीनों पर कब्जा करने वाले, दादागिरी करने वाले, अतिक्रमण करने वाले, सूखा नशा बेचने वाले और कानून को नहीं मानने वालों पर सरकार का बुलडोजर चलेगा, एक्शन जारी रहेगा।’
इस बीच उन्होंने बुलडोजर की फोटो के साथ एक ट्वीट भी किया है, जिसके कैप्शन में लिखा है कि ‘अभी तो ये झांकी है। पूरा छत्तीसगढ़ बाकी है।’ बता दें कि बृजमोहन अग्रवाल लगातार 8वीं बार विधानसभा का चुनाव जीते हैं.।उन्होंने इस चुनाव में कांग्रेस के महंत रामसुदंर दास को हराया है। महंत रामसुंदर दास को वो अपना गुरु बताते है।
इधर छत्तीसगढ़ में नई सरकार की तैयारियां शुरू :
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 90 में से 54 सीटें जीती हैं, ऐसे में भाजपा जल्द ही सरकार का गठन करेगी। मुख्यमंत्री पद के लिए रमन सिंह के अलावा रेणुका सिंह, लता उसेंडी, अरुण साव, विष्णुदेव साय और बृजमोहन अग्रवाल का नाम भी चल रहा है। लेकिन केन्द्रीय नेतृत्व क्या करेगा इसका अंदाजा लगा पाना मुश्किल है। हमेशा मोदी और शाह ने लोगों को अचंभित करने वाले फैसले किये है।