सीहोर (म.प्र.) : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर में एक महिला को भाजपा को वोट देना और भाजपा की जीत पर खुशी मनाना महंगा पड़ गया। जहाँ इस बार भाजपा वोट प्रतिशत बढ़ा है वहीँ, इसमें महिलाओं की मुख्य सहभागिता है। इधर भाजपा को वोट देने और भाजपा की जीत पर खुशी मनाने पर एक मुस्लिम महिला के देवर को इतना गुस्सा आया कि उसने उसके साथ मारपीट कर दी। इसके बाद पीड़ित महिला न्याय के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची और वहां आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित महिला की शिकायत पर अहमदपुर थाना पुलिस ने उसके देवर के खिलाफ आईपीसी की धारा 294, 323, 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है, जिसको लेकर पुलिस कार्यवाही कर रही है।
घटना सीहोर विधानसभा अंतर्गत बरखेड़ा हसन गांव निवासी महिला समीना बी पत्नी बबलू खां अपने बुजुर्ग पिता के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची थी। यहां उन्होंने आवेदन सौंपकर बताया, “4 दिसंबर सोमवार को लगभग शाम पांच बजे मैं और मेरे बच्चे कमल के फूल के जीतने की खुशियां मना रहे थे। इसी दौरान मेरा देवर जावेद खां पिता बहीद खां मुझसे बोला कि वोट तूने भाजपा को क्यों दिया? मैंने कहा मेरी मर्जी मैं जहां चाहूं वोट दूं। इसी बात पर वह मुझे मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देने लगा।”
महिला ने बताया पड़ोसी ने आकर बचाया :
उन्होंने आगे बताया, “मैंने उसे गाली देने से मना किया तो वह मुझे मारने लगा, तभी उसकी बीबी उजमा बी ने जावेद को बांस का डंडा पकड़ा दिया। इसके बाद उसने मुझे डंडे से खूब पीटा। वहीं जब मैं चिल्लाने लगी तो मेरी आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाले पंडित विद्या सागर ने आकर बीच बचाव किया। मारपीट के दौरान जावेद और उजमा कहने लगे हमारी बात नहीं सुनी तो तुझे जान से खत्म कर देंगे। घटना के समय मेरे पति बबलू खां बाहर गए हुए थे।”
इस वजह से दिया भाजपा को वोट :
कलेक्ट्रेट पहुंची समीना बी ने कहा कि भाजपा को वोट देने की सजा मुझे मेरे देवर ने दी है। अब मैं इंसाफ के लिए यहां आई हूं. मेरे पिता भी मेरे साथ हैं। समीना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सभी योजनाओं का लाभ मुझे लगातार मिल रहा है। लाडली बहन की राशि भी मुझे मिल रही है। मेरे बच्चों को भी लाभ मिला है, जिसकी वजह से मैंने मामाजी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और सीहोर विधायक सुदेश राय को ध्यान में रखते हुए बीजेपी को वोट दिया। अब वही मुझे इंसाफ दिलाएंगे।
शिवराज सिंह चौहान ने किया ट्विट और कहा तुम मेरी बहन , चिंता मत करना :
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समीना से मुलाकात की। भाजपा को वोट देने के कारण समीना को उनके देवर ने पीटा था। समीना अपने बच्चों के साथ सीएम हाउस में शिवराज से मिलने पहुंची थीं। इस दौरान सीएम ने उनसे बात की और बच्चों को प्यार दिया। सीएम ने आश्वासन दिया कि वह महिला की सुरक्षा और सम्मान पर कोई आंच नहीं आने देंगे।
उन्होंने कहा, ‘मजबूत लोकतंत्र के लिए भाजपा को अपना मत देने पर मेरी एक बहन को उसके परिवार द्वारा प्रताड़ित करने का मामला मेरे संज्ञान में आया है। मैंने इस संबंध में अधिकारियों को निर्देशित कर उचित कार्यवाही करने को कहा है। इसके साथ ही पीड़ित बहन को पूरी सुरक्षा व आर्थिक मदद भी दी जायेगी। मेरी बहन, तुम किसी बात की चिंता मत करना, तुम्हारा भाई सदैव तुम्हारे साथ है।’
इस घटना को लेकर मुस्लिम पसमांदा संघ ने की निंदा :
इस घटना की राष्ट्रीय पसमांदा मुस्लिम महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष नौशाद खान ने भी कड़ी निंदा की है। घटना की जानकारी मिलते ही नौशाद खान कलेक्ट्रेट पहुंचे और उन्होंने पीड़ित मुस्लिम महिला और उनके पिता के साथ कलेक्टर प्रवीण सिंह के सामने शिकायत दर्ज कराकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वोट देना स्वयं का अधिकार होता है, किसी के कहने से दबाव में वोट डालना संविधान के खिलाफ है।