छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय का शपथ ग्रहण 13 तक, मंत्रीमंडल गठन की तैयारियां शुरू, पीएम मोदी हो सकते है शामिल।

रायपुर : भाजपा ने छत्तीसगढ़ को नया मुख्यमंत्री दे दिया है, जिसमें विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के नये मुख्यमंत्री होंगे, अभी मंत्रीमंडल का गठन नहीं किया गया है, जिसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई है, उम्मीद है कि दो डिप्टी सीएम भी बनाये जा सकते है। रायपुर के प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में रविवार को हुई विधायक दल की बैठक में विष्णुदेव साय को विधायक दल का नेता चुना गया है। इसके बाद साय ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल बिश्वभूषण हरिचंदन से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।

राज्यपाल ने साय को मुख्यमंत्री नियुक्त कर उन्हें मंत्रीमंडल गठन के लिए आमंत्रित किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में 13 दिसंबर तक शपथ ग्रहण होगा। वहीं साय अस्थाई मुख्यमंत्री निवास पहुना पहुंच गए हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह विधानसभा अध्यक्ष हो सकते हैं। वहीं छत्तीसगढ़ में दो उप मुख्यमंत्री भी बनाए जा सकते हैं। इनमें अरुण साव और विजय शर्मा को उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। बाकी मंत्रीमंडल के लिये अभी कुछ भी सामने नहीं आया है।

नए मंत्रीमंडल के गठन को लेकर तैयारी शुरू :

विजय शर्मा भाजपा में महामंत्री रहे है और पहली बार चुनाव जीतकर निर्वाचित हुए हैं। वहीं अरुण साव लोकसभा सदस्य के साथ-साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके साथ ही नए मंत्रीमंडल के गठन को लेकर भी तैयारी शुरू हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व अन्य नेताओं को आमंत्रित कर समय मांगा है, जल्द ही शपथ ग्रहण होगा। साय के छत्तीसगढ़ के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री होंगे। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी को राज्य का पहला आदिवासी सीएम कहा जाता है, लेकिन उनकी जाति से जुड़ा मामला विवाद के चलते कोर्ट में लंबित है। इस बार आदिवासी क्षेत्रों से भाजपा को काफी लोगों ने अपना मत दिया है।

पर्यवेक्षकों के सामने विधायकों ने चुना सीएम :

केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री द्वय अर्जुन मुंडा व सर्वानंद सोनोवाल और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम की उपस्थित भाजपा विधायक दल की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने विष्णु देव साय के नाम का प्रस्ताव किया। जिसका समर्थन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव और वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने किया। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय मंत्री व चुनाव सह प्रभारी डा. मनसुख मांडविया, भाजपा संगठन सह प्रभारी नितिन नवीन व सभी 54 विधायक शामिल रहे। अंततः विष्णु देव साय के नाम पर सहमति बनी।