सऊदी अरब से हो रही है राजधानी में सोने की तस्करी, एयरपोर्ट से अब तक पकड़ा जा चूका है डेढ़ करोड़ का सोना।

रायपुर : राज्य में लगातार सोने की तस्करी हो रही है, राजधानी में इन दिनों फ्लाईट के जरिए पहुंच रहे सोने की तस्करी सऊदी अरब के शारजाह से हो रही है। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरओ) रायपुर के अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में पेस्ट के रूप में सोना लाने की बात स्वीकार की है। आरोपियों ने बताया कि शारजाह से लखनऊ की अंतरराष्ट्रीय उड़ान में फिर उसी उड़ान के घरेलू चरण में लखनऊ से रायपुर लाया गया था। डीआरआइ और आइटी की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मंगलवार को वे इस मामले में बड़ा खुलासा कर सकते हैं। सऊदी अरब से सोना काफी कम दाम में आता है।

खबर है कि महीने भर में ही रायपुर विमानतल से 1.50 करोड़ रुपये से ज्यादा का सोना जब्त किया गया है। रविवार को ही इंडिगो की उड़ान से लखनऊ से रायपुर विमानतल पर आए तीन यात्रियों से 1894.22 ग्राम सोना जब्त किया गया है। तीन आरोपियों ने यह सोना कपड़ों में छुपाकर लाया था। यह सोने के पेस्ट से 99.99 प्रतिशत शुद्धता वाला 1725.52 ग्राम सोना निकला, जिसकी कीमत लगभग एक करोड़ छह लाख 58 हजार 537 रुपये है।

तस्कर सीट के नीचे छिपाकर पहुंचे थे रायपुर :

बीते 10 नवंबर को भी लखनऊ फ्लाईट से आए दो युवकों के कब्जे से लिक्विड के रूप में 965 ग्राम सोना जब्त किया गया था। उसकी कीमत 48 लाख रुपये आंकी गई थी। युवकों ने पूछताछ में बताया था कि सोना शारजाह से तस्करी कर लखनऊ लाए थे। वहां से उसे सीट के नीचे छिपाकर रायपुर पहुंचे थे। इस तरह से एक्साइज ड्यूटी की चोरी और टैक्स की चोरी करके सोना लाया जा रहा है।