रायपुर : छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द ही हो सकता है, सीएम साय समेत उप मुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा ने रविवार को दिल्ली में हाईकमान से मुलाकात की है, मुलाकात कर रायपुर लौटे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर उन्होंने कहा कि जल्द ही मंत्रिमंडल का गठन किया जाएगा। नए और अनुभवी चेहरों को मौका मिलेगा। चौकाने वाले नाम सामने आ सकते है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के सीएम, डिप्टी सीएम ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह,भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन, डॉ. मनसुख मांडविया, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल व अन्य के साथ बैठक में मंत्रिमंडल को लेकर मंथन किया।
सीएम साय ने दिया ये इशारा :
सूत्रों की मानें तो साय के मंत्रिमंडल में इस बार चौंकाने वाले नाम हो सकते हैं। इस बात का इशारा तो आज मीडिया से बात करते हुए साय ने दे दिया। सीएम साय ने कहा कि दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात हुई है। जल्द ही मंत्रिमंडल का गठन किया जाएगा। नए और अनुभव चेहरे को मिलेगा मौका। बस थोड़ा इंतजार कीजिए। जल्द ही नई कैबिनेट आपके सामने होगी।
चौंकाने वाले होंगे नाम :
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री आदिवासी वर्ग से, उप मुख्यमंत्री ओबीसी और सामान्य वर्ग से हैं। अब चर्चा ये हो रही है कि मंत्रियों में भी इसी तरह जातिगत समीकरण देखने को मिल सकता है। जबकि उम्मीद केन्द्रीय नेतृत्व के इशारे पर योग्य के लिये हो सकती है।
मोदी की गारंटी है -सीएम साय :
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं हैं। मोदी की गारंटी है, जितने में बात हुई है उतने ही रुपये में किसानों से धान खरीदा जायेगा। पुराने बकाया बोनस पर भी विचार किया जा रहा है।
साय कैबिनेट में शामिल होने हैं 10 और मंत्री :
छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल और अन्य नेताओं से मुलाकात कर अपने मंत्रिमण्डल के गठन पर गहन चर्चा की है। माना जा रहा है कि इस विचार मंथन के बाद नाम भी तैयार हो गए हैं, जिनके नाम का जल्द ही एलान किया जाएगा। माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के साथ 12 और मंत्री हो सकते हैं। सीएम और दो डिप्टी सीएम के बाद अब 10 और मंत्रियों का नाम सार्वजनिक किया जाना है। जल्द ही उनकी घोषणा भी की जायेगी।