छत्तीसगढ़ भाजपा के नये प्रदेशाध्यक्ष बनाये गये किरण सिंह देव , जानिये इनके बारे में….।

रायपुर : अरुण साव के उपमुख्यमंत्री बनने के बाद भाजपा के नये अध्यक्ष को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई थी, लोगों के कयास से दूर अब नई खबर सामने आई है, छत्‍तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा ने छत्‍तीसगढ़ प्रदेश संगठन के नए अध्‍यक्ष की घोषणा कर दी है। भाजपा ने किरण सिंह देव को छत्‍तीसगढ़ भाजपा का नया प्रदेश अध्‍यक्ष नियुक्‍त किया है। किरण सिंह देव जगदलपुर से भाजपा के विधायक हैं। पार्टी की ओर से जारी एक पत्र में पार्टी के महासचिव अरुण सिंह ने जेपी नडडा के हवाला देते हुए किरण सिंह देव को प्रदेश नियुक्‍त किया है। किरण सिंह देव अरुण साव की जगह लेंगे। बता दें कि विधानसभा चुनाव जीतने के बाद अरुण साव उप मुख्‍यमंत्री बनाए गए हैं। अब छत्तीसगढ़ में भाजपा की ओर से किरण सिंह देव प्रदेशाध्यक्ष रहेंगे। राज्य के मुखिया विष्णु देव साय ने उन्हें प्रदेशाध्यक्ष बनने पर बधाई दी है।

जानिए कौन हैं किरण सिंह देव :

भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर बस्तर की जगदलपुर विधानसभा से किरण सिंह देव ने जीत हासिल की है। वे पहली बार विधायक निर्वाचित हुए हैं। यहां उन्होंने कांग्रेस के जतिन जायसवाल को 29834 वोटों से चुनाव हराया है। जगदलपुर बस्तर संभाग की एकमात्र ऐसी सीट है जो अनारक्षित है। यहाँ से पहली बार में ही उनकी इतने बड़े अंतर से जीत हुई है।

यहां से भाजपा ने संतोष बाफना की जगह किरण सिंह देव को टिकट दिया था। किरण सिंह देव जगदलपुर नगर निगम के महापौर रह चुके हैं। संतोष बाफना दो बार विधायक थे, पर 2018 के चुनाव में कांग्रेस के रेखचंद जैन ने भाजपा के प्रत्याशी संतोष बाफना को हराया था।

61 वर्षीय किरण सिंह देव रियासत कालीन जमींदार परिवार से आते हैं। उनके पिता का नाम लक्ष्मी नारायण देव है। उन्होंने वर्ष 1985 में रविशंकर विश्वविद्यालय से बीएससी की डिग्री ली। फिर 1989 में रविशंकर विश्वविद्यालय से ही एलएलबी की डिग्री प्राप्त की। उनका व्यवसाय अधिवक्ता होने के साथ ही कृषि भी है। वे कृषक भी है।

किरण सिंह देव का विवाह रीना सिंह देव से हुआ है। रीना सिंह देव शासकीय शिक्षिका हैं। उनकी एक बेटी है जिसका नाम राशि सिंह देव है। अब भाजपा ने उन्हें राज्य स्तर का दायित्व दे दिया है।