राजधानी में करोड़ों की जमीन को फर्जी रजिस्ट्री कर बेचा, आरोपी फरार, पुलिस ने किया अपराध दर्ज।

अटल नगर/रायपुर : जमीनों की फर्जी रजिस्ट्री करके बेचने के मामले लगातार आते रहते है, जमीन पर अगर मालिक निगरानी नहीं रखता तो कई बार किसी और के द्वारा कब्ज़ा कर लिया जाता है, और पीड़ित कोर्ट के चक्कर लगाता रहता है। खबर के अनुसार दिल्ली निवासी एक प्रतिष्ठित जैन परिवार की महिला के नाम नया रायपुर स्थित करीब 40 एकड़ जमीन को अभनपुर उप पंजीयन कार्यालय से फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनाकर बेचने का मामला सामने आया है। जमीन की कीमत बाजार भाव के हिसाब से 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की होगी, लेकिन उसकी बिक्री पौने 4 करोड रुपए में होना दिखाकर जमीन किसी और के नाम दर्ज की गई।

पुलिस में पीड़ित ने शिकायत दर्ज करवाई है कि अटल नगर के ग्राम तांदूल में फर्जी दस्तावेज बनाकर 12.99 हेक्टेयर जमीन बेच दी गई। फर्जी पावर आफ अटार्नी बनाकर इस फर्जी मामले को अंजाम दिया गया है। जमीन को तीन करोड़ 76 लाख रुपये में बेबेचा गया है। अटल नगर उप पंजीयक कार्यालय में इस जमीन की रजिस्ट्री बिना दस्तावेज जांच किए ही कर दी गई। इसकी शिकायत आने के बाद राखी थाने में अपराध दर्ज किया गया है। फरार आरोपी आकाश जैन की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम तांदूल पटवारी हल्का नंबर 26 में गीता नगर समता कालोनी रायपुर निवासी कमलेश जैन के नाम से नौ खसरे में कुल 12.99 हेक्टेयर जमीन है। इस जमीन को निषाद पारा रायपुरा निवासी आकाश जैन ने फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर कृष्णा नगर सुपेला भिलाई निवासी अनवर आलम को बेच दिया है। इस जमीन की रजिस्ट्री 21 दिसंबर 2023 को अटल नगर उप पंजीयक कार्यालय में कराई गई। दस्तावेज में भूमि स्वामी कमलेश जैन को विधवा बताया गया है। दिलचस्प यह है कि पावर ऑफ अटॉर्नी बनाने के लिए पंजीयन दफ्तर में दिए गए दस्तावेजों में महिला को पुरुष बताया गया है।

एक माह पहले तैयार किया गया था मुख्तियारनामा :

जमीन को बेचने के लिए आकाश जैन ने फर्जी मुख्तारनामा 23 नवंबर 2023 को अभनपुर उप पंजीयक कार्यालय से तैयार कराया। उन्होंने कमलेश जैन के फर्जी ऋण पुस्तिका, फर्जी आधार कार्ड का उपयोग कर यह दस्तावेज बनवाया। जमीन मालिक कमलेश जैन ने पूर्व में फर्जी ऋण पुस्तिका बनाने की शिकायत अपर कलेक्टर रायपुर को की थी। मामले में अपर कलेक्टर रायपुर ने जिला पंजीयक और नवा रायपुर के उप पंजीयक को तांदूल पटवारी हल्का नंबर के उक्त जमीनों की रजिस्ट्री के समय दस्तावेजों की पूरी तरह से जांच करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद जमीन रजिस्ट्री के समय उप पंजीयक ने ध्यान नहीं दिया। जिसका फायदा आरोपी ने उठा लिया।

दस्तावेज की जांच किए बिना ही कर दी रजिस्ट्री :

मामले में अटल नगर उप पंजीयक कार्यालय में पंजीयन के लिए जो दस्तावेज प्रस्तुत किए गए उसके आधार पर 21 दिसंबर को पंजीयन किया गया है। पंजीयन में राजस्व निरीक्षक द्वारा जारी किए गए भूमि के नक्शे के पुराने होने के साथ ओवर राइटिंग भी थी। इसके बाद भी सही तरीके से ध्यान नहीं दिया गया। राखी थाना टीआइ सतेंद्र श्याम ने कहा, शिकायत के बाद मामले की जांच की गई। दस्तावेज फर्जी निकले, जिसके बाद अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी फरार है, पतासाजी की जा रही है। खरीददार आलम से भी पूछताछ होने की जानकारी है।

शिकायत के बाद मामले की जांच की गई। दस्तावेज फर्जी निकाले, जिसके बाद अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी फरार है, जिसकी पतासाजी की जा रही है। -सतेंद्र श्याम, – सतेंद्र श्याम, टीआई, राखी