भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के पहले बदला अयोध्या रेलवे जंक्शन का नाम, अब से ये नाम होगा….।

अयोध्या (उ.प्र.) : हिन्दुओं के मुख्य आराध्यों में से एक भगवान राम का विश्वस्तरीय मंदिर अब भारत के हिन्दुओं को मिलने जा रहा है, जैसे ईसाईयों का पूरी दुनिया में प्रमुख धार्मिक स्थल ‘द चर्च आफ़ द होली सेपल्कर‘ येरुसलम इजराईल में है और मुस्लिमों का सऊदी अरेबिया में मक्का मदीना है, वैसे अब हिन्दुओं का विश्व में प्रमुख धार्मिक स्थल अयोध्या ही होगा। अयोध्या नगरी में प्रभु श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की तारीख पास आ रही है।

जनवरी महीने में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखते हुए अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। 22 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम के लिए दिन-रात मेहनत जारी है। इससे पहले बड़ी खबर सामने आई है कि अयोध्या जंक्शन का नाम बदल दिया गया है। इस बात की जानकारी अयोध्या से भाजपा सांसद लल्लू सिंह ने साझा की है। उन्होंने इस फैसले के लिए पीएम मोदी, सीएम योगी और गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद दिया है। इस नये नाम को लेकर स्थानीय वासियों ने भी ख़ुशी जाहिर की है।

अब से रेलवे जंक्शन का ये होगा नया नाम :

अयोध्या से भाजपा सांसद लल्लू सिंह ने बताया है कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में नवनिर्मित भव्य अयोध्या रेलवे स्टेशन के अयोध्या जंक्शन का नाम जनभावनाओं की अपेक्षा के अनुरूप बदल कर ‘अयोध्या धाम जंक्शन’ कर दिया गया है। उन्होंने इस फैसले के लिए अयोध्या के पूज्य साधु संतों, अयोध्यावासियों व श्रद्धालुओं की तरफ से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गृहमंत्री अमित शाह , रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को सहृदय धन्यवाद दिया है। इस फैसले से सभी वर्गों के लोग खुश है, और इस फैसले का स्वागत किया है।

30 दिसंबर को पहुंचेंगे पीएम मोदी :

पीएम मोदी 30 दिसंबर को अयोध्या का दौरा करने वाले हैं। यहां वह  पुनर्विकसित अयोध्या रेलवे स्टेशन और एक नए हवाई अड्डे का उद्घाटन भी करेंगे। हवाई अड्डे को भी भगवान राम के जीवन से सम्बंधित महत्वपूर्ण पात्रों से सजाया गया है। बता दें कि राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आयोजन 22 जनवरी, 2024 को किया जायेगा जिसमें पीएम मोदी मुख्य अतिथि होंगे। इसके अलावा देशभर की मशहूर हस्तियों, राजनेताओं और हजारों साधु-संतों को भी प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का निमंत्रण दिया गया है। 

पीएम मोदी सहित ये होंगे अतिथि :

22 जनवरी 2024 को अयोध्या राम मंदिर में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में पीएम मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पीएम के अलावा किसी भी क्षेत्र में देश का सम्मान बढ़ाने वाले सभी प्रमुख लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही करीब चार हजार सन्तों को आमंत्रण भेजा गया है। सभी शंकराचार्य, महामण्डलेश्वर, सिख और बौद्ध पंथ के शीर्ष सन्तों को बुलावा भेजा गया है। स्वामी नारायण, आर्ट ऑफ लिविंग, गायत्री परिवार, किसान, कला जगत के प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया गया है। कारसेवकों के परिजनों को भी निमंत्रण भेजा गया है। इतने सभी लोगों को आमंत्रित करने के बावजूद भगवान राम के इस महत्वपूर्ण कार्य की अलख जगाने वाले मुरली मनोहर जोशी और लालकृष्ण अडवानी को निमंत्रण नहीं भेजा गया है और उल्टा उन्हें आने के लिये मना किया गया है, जबकि रामरथ यात्रा को लालकृष्ण अडवानी ने अपनी जान जोखिम में डालकर निकाला था, इस मुद्दे पर अडवानी समर्थकों सहित उनके समाज के लोगों में खासी नाराजगी भी है।