रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद शुरुआत की तीन की जोगी की सत्ता में कोई विकास कार्य नहीं हुये, वहीँ भाजपा के तीन बार के शासन काल में छत्तीसगढ़ ने विकास के इतिहास रचे, वहीँ बीते 5 साल की सत्ता में विकास की गति काफी धीमी हो गई, अब उसी गति को वापस पटरी पर लाने के लिये प्रशासन ने अपना कार्य शुरू कर दिया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यों में देरी अब ठेकेदारों और अधिकारियों पर भारी पड़ने वाली है। विभागीय मंत्री ने साफ किया है कि कार्यों के लिए अब निर्धारित समय-सीमा से अतिरिक्त समय नहीं दिया जायेगा। उसी समय सीमा के अंदर प्रोजेक्ट पूरे करने होंगे। मंगलवार को अटल नगर स्थित निर्माण भवन में उप मुख्यमंत्री व विभागीय मंत्री अरुण साव ने अधिकारियों की मैराथन बैठक ली।
उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण करने में आ रही दिक्कतों का तत्परता से समाधान निकालें। कार्य पूर्णता में देरी पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर कार्यवाही की जायेगी। पीडब्ल्यूडी द्वारा किए जा रहे कार्यों की जिओ टैगिंग और कार्य प्रगति की मानिटरिंग के लिए बैठक के दौरान साव ने ‘पीडब्लूडी दृष्टि’ मोबाइल एप की लांचिंग की। इस एप्लीकेशन के माध्यम से अधिकारी-कर्मचारियों को अधोसंरचना कार्यों की वास्तविक फोटो और वीडियो, स्थान पर पहुंचकर अपलोड करना होगा। दृष्टि एप की लांचिंग के बाद सभी जिलों में सड़क, पुल-पुलिया, ओवरब्रिज के कार्यों में रफ्तार बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। छत्तीसगढ़ में रुके हुये निर्माण कार्यों को लेकर अब गति लाई जायेगी।
बैठक में राज्य में निर्माणाधीन सड़कों, सेतु, पुल-पुलियों, रोड ओवरब्रिज और फ्लाईओवर के साथ ही एकीकृत पंजीयन व्यवस्था, जमीन अधिग्रहण और मुआवजों के लंबित मामलों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस मौके पर पीडब्ल्यूडी सचिव डा. कमलप्रीत सिंह, प्रमुख अभियंता केके पीपरी, ओएसडी वीके भतप्रहरी, उप सचिव एसएन श्रीवास्तव आदि अधिकारी मौजूद थे। सभी को स्पष्ट रूप से कहा गया है, ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
आचार संहिता के पहले बड़े प्रोजेक्ट को पूरा करना होगा :
बैठक में यह साफ संकेत मिले कि लोकसभा चुनाव के आचार संहिता के पहले प्रदेश में चल रहे सभी बड़े-छोटे प्रोजेक्ट को पूरा किया जाएं। प्रोजेक्ट की रफ्तार के लिए हर हफ्ते समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत की जानी है। यातायात और इसकी उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के कार्यों में तेजी के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा कि ठेकेदारों का भुगतान समय पर करें। नियमित भुगतान से कार्य की गति बनी रहेगी। अधिकारी अपने कार्य को पूरी जिम्मेदारी से करें।
दिये यह दिशा-निर्देश भी :
- नवनिर्मित सड़कों के परफार्मेंस गारंटी का निष्पादन प्रभावी ढंग से हो।
- काम की शुरूआत से ही निर्माण कार्यों की पुख्ता मानिटरिंग करें।
- ठेकेदारों द्वारा काम में देरी या लापरवाही करने पर तुरंत कार्यवाही करें।
- अधिकारी ज्यादा से ज्यादा समय फील्ड में रहें।