नई दिल्ली : सड़क पर नमाज को लेकर फिर एक बार बवाल मच गया है। राजधानी दिल्ली के इंद्रलोक क्षेत्र में सड़क पर नमाज को लेकर भारी हंगामा हुआ। नमाज से रोके जाने के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा नमाजियों से बदसलूकी की घटना पर लोग भड़क उठे। नाराज लोगों ने इंद्रलोक थाने का घेराव किया। इसके बाद पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने मामले में हस्तक्षेप किया और संबंधित पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया है।
दरअसल, पुलिस ने लोगों को सड़क पर नमाज अदा करने पर रोक लगाई थी। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा नमाजियों से बदसलूकी की घटना सामने आने के बाद लोग भड़क उठे और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने मोर्चा संभाला और संबंधित पुलिसकर्मी पर कार्यवाही की गई।
बता दें कि इंद्रलोक थाना क्षेत्र में शुक्रवार को जुमे के दिन नमाज अदा करने के लिए कुछ लोग सड़क पर निकल आए और वहीं कतार बद्ध तरीके से लाइन लगाकर नमाज पढ़ने लगे, जिसको लेकर पुलिस वालों ने उन्हें मना किया, और वो जबरदस्ती सड़क पर बैठ गये। इसी दौरान दिल्ली पुलिस के कुछ जवान वहां पहुंचे, इनमें से एक पुलिसकर्मी नमाज पढ़ रहे लोगों के साथ बदसलूकी करने लगा। यह देख नमाज पढ़ रहे लोग उठ खड़े हुए और पुलिसकर्मी से अभद्रता का विरोध जताया।

नमाजियों से बदसलूकी की घटना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने लगा। इससे लोगों की नाराजगी और बढ़ने लगी थी। लोग थाने को घेरकर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्यवाही की मांग कर रहे थे। वहीं डीसीपी नॉर्थ मनोज मीणा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। संबंधित पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
आरोपी पुलिसकर्मी को सस्पेंड किया गया :
खास ख़बरों के लिये सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल :https://www.youtube.com/@MachisMediaNews/
जब इस मामले में लोगों ने पुलिसकर्मी की अभद्रता पर लोगों ने हंगामा करना शुरू किया तो साथ आए जवानों के साथ आरोपी पुलिसकर्मी वहां से भाग खड़ा हुआ। इस मामले में भीड़ द्वारा पुलिसकर्मी की पिटाई की खबर भी सामने आ रही है, जिसकी अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है। वहीँ इस घटना से आक्रोशित लोगों ने इंद्रलोक थाने पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आनन-फानन में पुलिस अधिकारी थाने पहुंच गए और लोगों को समझाने-बुझाने लगे। साथ ही तत्काल आरोपी पुलिसकर्मी को निलंबित भी कर दिया गया।
पक्ष और विपक्ष :
वहीँ इस मामले पर भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि जहाँ दिल्ली में ट्रैफिक की समस्या है, वहां सड़क पर नमाज पढ़ना सही है क्या?
दूसरी तरफ कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने ‘X’ पर ट्वीट किया और लिखा कि, “पुलिस का काम है सामाजिक सौहार्द बनाकर रखना, लेकिन यह दिल्ली पुलिस नमाज पढ़ते लोगों से बदसलूकी कर रही है। सबके धर्म का सम्मान करना सीखिए, शर्मनाक घटना।
घटना का पूरा विडियो यहाँ देखें :



