रायपुर : हर तरफ लगातार बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। अब अगले तीन-चार दिनों तक रायपुर सहित पूरे प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान के ऊपर बने चक्रवाती घेरे के रूप में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, इसके असर से बस्तर के एक-दो हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। शनिवार को इसका सीधा असर मध्य और रविवार को उत्तरी हिस्से में होने के आसार हैं। बीते कुछ दिनों से लोग भयानक गर्मी झेल रहे है, अब उससे कुछ राहत मिलेगी।
इससे पहले शुक्रवार को रायपुर का मौसम शुष्क था। दिनभर तेज धूप के साथ गर्म हवा के थपेड़े चल रहे थे। उमस भी बनी हुई थी। अधिकतम तापमान रायपुर में 42.8, माना में 42, बिलासपुर में 42.4, पेण्ड्रारोड में 41.3, अंबिकापुर में 40.5, जगदलपुर में 41.8, दुर्ग में 42.6 और राजनांदगांव में 43 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
बस्तर संभाग में कुछ स्थानों पर लू का असर :
पिछली रात रायपुर का न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को रायपुर व बस्तर संभाग में कुछ स्थानों पर लू चली। सबसे अधिक तापमान डोंगरगढ़ में 44.8 डिग्री सेल्सियस था। डोंगरगढ़ इस समय सबसे ज्यादा तप रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ पूर्व और उत्तर में स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मराठवाड़ा और उसके आसपास 0.9 ऊंचाई तक विस्तारित है। छत्तीसगढ़ में 20 अप्रैल को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज- चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। जिससे मौसम में कुछ हद तक गर्माहट कम होगी।
अंधड़ और वज्रपात के आसार :
महामृत्युंजय मन्त्र, इसकी उत्पत्ति की कथा और महत्व के साथ , पूर्ण सुनना आवश्यक है : https://www.youtube.com/watch?v=L0RW9wbV1fA
मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात के आसार हैं। प्रदेश में शनिवार से वर्षा की गतिविधि का दौर अलग-अलग क्षेत्रों में बनने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि हल्की बदली बारिश का बढ़ती गर्मी पर कोई खास असर नहीं होगा, फिर भी कुछ राहत मिलेगी। बारिश से भले ही कुछ पल के लिए राहत मिल सकती है। मगर तापमान में इसकी वजह से ज्यादा गिरावट के आसार नहीं हैं।



