रायपुर : उत्तर-पश्चिम से आ रही हवा के कारण प्रदेश का मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। नौतपा में शुरुआती दो दिन आकाश में हल्के बादल छाए रहेंगे। इस दौरान तापमान में विशेष वृद्धि तो नहीं होगी, लेकिन उमस भरी गर्मी लोगों को हलकान करेगी। नौतपा के दो दिन बाद अर्थात 27 और 28 जून को प्रदेश में हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है। राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में इन 48 घंटों में लू की स्थिति निर्मित हो सकती है। इस वर्ष गर्मी में अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया है। इन दो दिनों में तापमान 44 डिग्री को भी पार कर सकता है।
माह के अंत में हल्की बदली-बारिश और बौछारों की संभावना है। अंधड़ भी चल सकता है। हालांकि ये प्री मानसूनी गतिविधियां नहीं होगी। प्री मानसूनी गतिविधियों की शुरुआत प्रदेश में जून के प्रथम सप्ताह से होगी। 5 जून के बाद प्रदेश में बदली-बारिश का क्रम बढ़ जाएगा। गौरतलब है कि नौतपा 25 मई से प्रारंभ हो रहा है, जो 2 जून तक रहेगा।
इनको भी मानसून का इंतजार :
बारिश और ठंड में पहाड़ और जंगल के बीच कलरव करती बहने वाली खूबसूरत जल धाराएं गर्मी में सूख चुकी हैं। मैनपाट, चित्रकोट से लेकर जतमई, घटारानी भीषण गर्मी में बेजान हैं और इन झरनों को भी बौछारों का बेसब्री से इंतजार है। बारिश के साथ ही इनकी खूबसूरती लौटेगी और मानसून की रफ्तार के साथ जंगल का रौनक शबाब पर होगा। रायपुर में आकाश शुक्रवार को भी आंशिक मेघमय रहेगा। आसमान में सुबह से ही बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की विशेष संभावना नहीं है। प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। कुछ जगहों में अंधड़ चल सकते हैं और वज्रपात भी हो सकता है।