भाई बहन सहित 5 चोर पुलिस गिरफ्त में, ऐसे देते थे घटना को अंजाम….।

रायपुर : छत्‍तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक चौंकाने वाला मामला उजागर किया है, यहां भाई सूने मकानों में चोरी करते थे तो वहीं बहन चोरी के गहनों को उत्‍तर प्रदेश में जाकर बेच देती थी। पुलिस ने डीडी नगर थाना क्षेत्र में आठ सूने मकानों में चोरी करने के मामले में तीन आरोपी और दो खरीददारों को गिरफ्तार किया है। लगातार चोरियों की शिकायतों को लेकर पुलिस के शिकायतें सामने आ रही थी।

पुलिस ने इस मामले में बताया कि चोरी और गहने बिक्री करने वाले आरोपी भाई-बहन हैं। पुलिस ने सूरज सिंह उर्फ आशुतोष, सिद्धार्थ सिंह उर्फ नैंटू, अदिति सिंह उर्फ सिम्मी निवासी प्रभुपुर, थाना बनुआ, जिला चंदौली, उप्र को चोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी डीडी नगर में किराये के मकान में रहकर चोरी करते थे, और उत्तर प्रदेश में जाकर बहन बेच आती थी। वहीं चोरी का माल खरीदने के मामले में संजय कुमार जायसवाल और अरविंद कुमार वर्मा निवासी सकलडीहा, जिला चंदौली उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया है।

प्रार्थिया गरिमा शर्मा ने थाना डीडीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सुंदरम विहार चंगोराभाठा डीडी नगर रायपुर में रहती है। प्रार्थिया 19 जून को घर में ताला लगाकर सपरिवार अपनी मायके आरंग गई थीं। पांच दिन बाद जब वापस आईं तो घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर रखे जेवर अज्ञात चोर चुरा ले गए थे, जिससे वो परेशान हो गई, और उसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत डीडी नगर थाने में दर्ज करवाई।

सावन में महत्वपूर्ण महामृत्युंजय मन्त्र, इसकी उत्पत्ति की कथा और महत्व के साथ , पूर्ण सुनना आवश्यक है: https://www.youtube.com/watch?v=L0RW9wbV1fA

रिपोर्ट के बाद पुलिस ने घटना स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों की जांच की। इस दौरान कैमरे में विप्र नगर डीडी नगर निवासी सूरज सिंह उर्फ आशुतोष और सिद्धार्थ सिंह उर्फ नैंटू घटना स्थल के पास संदिग्ध अवस्था में देखे गए। उसके बाद दोनों को पकड़ा गया। चोरी की घटना के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों ने थाना डीडी नगर क्षेत्र में स्थित सात अलग-अलग सूने मकानों के भी ताले तोड़कर चोरी को अंजाम देना बताया।

पुलिस ने बताया :

डी.डी.नगर क्षेत्रान्तर्गत स्थित 08 अलग – अलग सूने मकानों का ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले 3 भाई-बहन और 2 खरीददारों सहित कुल 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने के जेवरात लगभग 200 ग्राम, चांदी के जेवर लगभग 2 किलोग्राम, नगदी रकम 55,500/- रूपये, 1 नग मोबाईल फोन तथा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा दोपहिया वाहन जब्त किया गया है। इस मामले को लेकर आरोपियों के विरूद्ध थाना डी.डी.नगर में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।