होटल बेबीलोन कैपिटल में बड़ी रकम लगाने वाले रसूखदार पकड़ाये, होटल मालिक पर भी केस दर्ज, सामने आया चौकाने वाला मामला।

रायपुर : राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड स्थित होटल बेबीलोन कैपिटल में पुलिस ने सोमवार की देर रात 10 लोगों को जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़ा। इस कार्यवाही के दौरान पुलिस ने एक लाख 98 हजार रुपये जब्त किए हैं। इस छापामार कार्यवाही में होटल के एक कमरे में जुआ खेलते 10 जुआरियों को पकड़ा गया है। आरोपियों में कई रसूखदार लोग और कारोबारी शामिल थे। इस मामले में आरोपियों के नामों का खुलासा नहीं करने पर सोशल मीडिया पर दिनभर पुलिस की किरकिरी हुई। तब जाकर पुलिस ने 18 घंटे बाद जुआ एक्ट में गिरफ्तार आरोपियों के नाम उजागर किए। पुलिस ने बेबीलोन कैपिटल के मालिक पर भी अपराध दर्ज किया है। होटल बेबीलोन कैपिटल के कमरा नंबर-115 में बड़ा जुआ चल रहा था। इसकी जानकारी एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व तेलीबांधा पुलिस को मिली थी। इसके बाद टीम ने होटल में दबिश दी। यहां कमरे में सभी लोग जुआ खेलते मिले।

पुलिस ने जुआ खेल रहे 10 लोगों को रंगे हाथों पकड़ा :

इस कार्यवाही के दौरान पुलिस ने मौके से 10 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तार लोगों में कई रसूखदार व्यक्ति और स्थानीय कारोबारी भी शामिल थे। होटल के कमरे में चल रहे इस जुए के अड्डे से पुलिस ने कुल एक लाख 98 हजार रुपये की नकदी जब्त की है, जो वहां मौजूद लोगों द्वारा दांव पर लगाई गई थी। पुलिस द्वारा छापेमारी के बाद गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की गई और उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही भी की गई। लेकिन, रात लगभग दो बजे सभी आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया। तेलीबांधा थाने में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4, 5, 36 के तहत इन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में कितनी सख्ती से कार्यवाही करती है।

इन पर हुई कार्यवाही :

पुलिस ने रित्विक भंसाली, पारस वाधवा, यश चावला, ऋषभ भंसाली, दर्शन मुलवानी, गौरव गोलछा, अक्षय सचदेव, पंकज चावला, निखिल जगताप और होटल बेबीलोन कैपिटल के मालिक निखिल सिंघानिया के खिलाफ कार्यवाही की। पुलिस ने कार्रवाई कर रात दो बजे सभी को छोड़ दिया गया। ऐसी जानकारी भी सामने आई है कि सभी आरोपी कारोबारी और रसूखदार परिवार से हैं, इसलिए छापेमारी के बाद पकड़े गए जुआरियों को एक घंटे के बाद छोड़ दिया गया था। हालांकि पुलिस दावा कर रही है कि इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध विधिवत कार्यवाही की गई है।

होटल के मालिक के खिलाफ भी केस दर्ज :

राम से बड़ा है राम का नाम , रोज सुने यह धुन , लिंक पर करें क्लिक :   https://www.youtube.com/watch?v=TIkGGHYTb_Y

पुलिस ने इस मामले में होटल के मालिक के खिलाफ भी आपराधिक मामला दर्ज किया है। माना जा रहा है कि होटल प्रबंधन को इस गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने इसे रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। पुलिस अब होटल मालिक से भी पूछताछ कर रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है कि इस जुए के अड्डे में और कौन-कौन लोग शामिल थे और इसे किस स्तर तक फैलाया गया था।