मुंबई (महाराष्ट्र) : मुंबई से सटे ठाणे में चलती ट्रेन में एक बुजुर्ग की कुछ यात्रियों ने जमकर पिटाई कर दी। इगतपुरी के पास बुजुर्ग व्यक्ति की पिटाई के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इगादपुरी में हुई घटना के बाद बुजुर्ग का स्टेटमेंट लेने के बाद ठाणे जीआरपी में केस दर्ज किया गया है। बुजुर्ग व्यक्ति सुरक्षित है। मामले में सामने आया है कि चालीसगांव से कल्याण आ रहे 72 साल के अशरफ अली सैयद हुसैन के साथ ट्रेन में 6 से 7 लड़कों ने गोमांस लेकर सफर करने के शक में मारपीट की है। पुलिस ने बताया की यह घटना धुले एक्सप्रेस ट्रेन में हुई। लड़ाई पहले सीट को लेकर हुई और फिर बीफ लेकर यात्रा करने का आरोप लगाकर बुजुर्ग की पिटाई कर दी। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। जीआरपी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान कर ली है जो कि धुले के रहने वाले हैं। पुलिस की टीम उनकी तलाश करने धुले भी भेजी गई है।
अशरफ अली ने क्या कहा? :
अशरफ अली ने बताया कि वह चालीसगांव से कल्याण के लिए ट्रेन के जनरल कंपार्टमेंट में 28 तारीख को सवार होकर निकले थे। चालीसगांव से नासिक तक वह खड़े होकर ही सफर कर रहे थे क्योंकि बैठने की जगह नहीं थी। नासिक में जैसे ही उन्हें जगह मिली वह बैठ गए, जिसे लेकर इस ट्रेन में सफर कर रहे कुछ युवकों से उनका वाद-विवाद हो गया। अशरफ अली के मुताबिक, जब कल्याण में अपनी सीट से उतरकर उन्होंने सीट के नीचे से सामान लेने की कोशिश की, इसी दौरान पहले ही विवाद कर चुके लड़के उन पर टूट पड़े। अशरफ अली के मुताबिक, वह चालीसगांव से अपने बेटी के लिए भैंसे का मांस लेकर आ रहे थे जोकि एक प्लास्टिक के कंटेनर में बंद था और उसके ऊपर बोरा लपेटा गया था। लड़कों ने वह कंटेनर बाहर निकाला और उन पर आरोप लगाया कि वह गाय का मांस लेकर सफर कर रहे हैं और उनकी पिटाई कर दी और कल्याण स्टेशन में उतरने नहीं दिया। । इस घटना के संदर्भ में ठाणे रेलवे पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक ने शिकायतकर्ता की बेटी के घर जाकर शिकायतकर्ता के समक्ष बयान दर्ज किया है।
पुलिस चौकी में भागते हुए पहुंचे अशरफ अली :
राम से बड़ा है राम का नाम , रोज सुने यह धुन , लिंक पर करें क्लिक : https://www.youtube.com/watch?v=TIkGGHYTb_Y
अशरफ अली के मुताबिक, ट्रेन कल्याण से आगे चल पड़ी और जब ट्रेन ठाणे में रुकी तो वह भागकर ट्रेन से उतर गए और सीधे पुलिस चौकी में भागे। उन लड़कों ने उनका वहां तक पीछा किया और धमकी दी कि शिकायत ना करें। अशरफ अली के मुताबिक, उन्होंने पुलिस से कहा कि उन्हें कोई शिकायत नहीं करनी है। अशरफ अली के मुताबिक उस वक्त काफी डरे हुए थे इस वजह से शिकायत नहीं की और वो इस मामले को भूल जाना चाहते थे। वहीँ अब शिकायतकर्ता की शिकायत के अनुसार, ठाणे रेलवे पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2), 191(2), 190, 126(2), 115(2), 324(4)(5), 351(2)(3), 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना के संदिग्ध आरोपियों को धुले से हिरासत में लिया गया है।
28 तारीख को अशरफ अली जब पुलिस थाने से निकले तो कल्याण जाने के क्रम में उन्होंने पूरा मांस खाड़ी में फेंक दिया। उनके मुताबिक, उन्हें इस बात का गुस्सा था कि इसकी वजह से उन्हें बेज्जती झेलनी पड़ी है लेकिन शनिवार को जब वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने इसका संज्ञान लिया।
सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल : https://www.youtube.com/@MachisFilmProduction/
अशरफ अली के मुताबिक, जब उन्हें लगा कि उनकी बेइज्जती हो रही है तब उन्होंने मामला दर्ज करने की ठानी है। साथ ही अशरफ अली कहते हैं कि कोई भी शख्स उनके इस वीडियो को देखकर गलत कदम ना उठाए। वह जिंदा हैं। उनके मरने की खबरें अफवाह हैं। अशरफ अली के मुताबिक, पुलिस अपना काम कर रही है और उनके चाहने वाले कोई भी ऐसा काम ना करें, जिससे किसी और के मन को ठेस पहुंचे। कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद जीआरपी ने जांच शुरू कर दी है। वीडियो में एक दर्जन लोग ट्रेन के अंदर एक व्यक्ति पर हमला करते और उसे गालियां देते नजर आ रहे हैं।



