मध्‍य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के पिता पूनमचंद यादव का निधन, शोक में डूबे परिजन।

उज्‍जैन (म.प्र) : मुख्यमंत्री मोहन यादव के पिता पूनमचंद यादव का मंगलवार शाम को निधन हो गया। वे 100 वर्ष की आयु के थे और बीते एक सप्ताह से अधिक बीमार थे। फ्रीगंज स्थित अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री उज्जैन के लिए रवाना हो गए हैं। वे लगभग 9.30 बजे उज्जैन पहुंचेंगे। उनके वहां पहुँचने के बाद ही अंत्येष्टि के कार्यक्रम तय किये जायेंगे। विस्तृत जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।

सोमवार को उज्जैन आए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके बेटे महा आर्यमन सिंधिया ने अस्पताल जाकर उनका हाल-चाल जाना था। रविवार को सीएम भी अपने पिता से  मिलने पहुंचे थे।

यादव समाज से जुड़े लोग बताते हैं कि पूनमचंद यादव ने अपने जीवन में काफी संघर्ष किया। उन्होंने बेटे नंदू यादव, नारायण यादव, मोहन यादव और बेटी कलावती, शांति देवी को पढ़ाया-लिखाया। संघर्ष के दिनों में उनके पिता रतलाम से उज्जैन आ गए और सबसे पहले हीरा मिल में नौकरी की।

मुख्यमंत्री ने मांगे 500 रुपए, तब पिता थमा दी थी गड्‌डी :

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फादर्स डे (15 जून) पर पिता पूनमचंद यादव से मुलाकात की थी। सीएम ने पैसे मांगे तो उन्होंने 500 रुपए के नोटों की गड्‌डी निकालकर थमा दी। सीएम ने एक नोट रखा और बाकी लौटा दिए थे। इसी दौरान पिता ने सीएम बेटे को ट्रैक्टर सुधरवाने का बिल भी थमा दिया था। सीएम ने उनसे पूछा- बैंक में कितने पैसे हैं? इस बात पर दोनों हंस दिए।