सीमेंट के दामों में भारी कमी, अब सामने आये नये दाम….।

रायपुर : बारिश में जहाँ निर्माण सामग्री का उठाव कम होता है तो वहीँ सीमेंट के दामों में बढ़ोत्तरी स्वीकार करना मुश्किल है। वहीँ राजनैतिक बवाल और चौतरफा दबाव के बाद प्रदेश की सीमेंट कंपनियों ने सीमेंट के दाम 25 से 35 रुपए तक कम कर दिए हैं। यह संभावना भी जताई गई है कि एक-दो दिनों में कीमत और भी कम हो जाएगी और कीमत वापस पुराने रेट पर आ जाएगी। कीमत कम होने के बाद अब सीमेंट की कीमत 260 से 300 रुपए तक थोक में आ गई है। चिल्हर में कीमत इससे 20 से 30 रुपए तक ज्यादा है। सीमेंट कंपनियों ने डीलरों से कह दिया है कि कीमत कम कर दी गई। सीमेंट की 50 रुपए कीमत बढने के बाद जहां रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा था, वहीं कांग्रेस ने 12 सितंबर को आंदोलन करने का ऐलान किया था। बढ़े हुये दामों से आम लोगों की जेब पर ज्यादा भार पड़ रहा था।

ऐसे में कंपनियों ने किसी भी तरह के सरकार के एक्शन के पहले ही दाम कम कर दिए हैं। प्रदेश की सीमेंट कंपनियों ने अचानक तीन सितंबर से सीमेंट के दाम में 50 रुपए का बढ़ोत्तरी कर दिया था। ऐसे में जहां अल्ट्राटेक सीमेंट की कीमत थोक में 275 रुपए के स्थान पर 325 रुपए हो गई थी, वहीं बाकी सीमेंट के दाम 300 से 310 रुपए हो गए थे। ऐसा होने की जानकारी रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल को लगने के बाद उन्होंने सीमेंट कंपनियों पर नकेल कसने और कीमत को कम कराने के लिए केंद्रीय मंत्री के साथ मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखा। इधर इसकी जानकारी होने पर कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल दिया था और कीमत बढ़ने के विरोध में 12 सितंबर को प्रदेशभर में आंदोलन करने का ऐलान कर दिया था। दामों को लेकर अधिकारियों ने कहा कंपनी की तरफ से दाम को लेकर कोई कुछ बोलेगा नहीं। सीमेंट कंपनियों ने बाजार में बिना मांग के ही 50 रुपये प्रति बैग की बढ़ोतरी की घोषणा कर दी थी। 

घटाने पड़े दाम :

राम से बड़ा है राम का नाम , रोज सुने यह धुन , लिंक पर करें क्लिक :   https://www.youtube.com/watch?v=TIkGGHYTb_Y

सीमेंट कंपनियों ने जब देखा कि उनके दाम बढ़ाने के खिलाफ प्रदेश में सत्ता पक्ष के नेताओं के साथ विपक्ष भी आ गया है तो कंपनियों ने हाथ वापस खींच लिए। राजधानी रायपुर के सीमेंट कंपनियों के डीलरों के साथ बिल्डिंग मटेरियल का काम करने वाले कारोबारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अल्ट्राटेक सीमेंट ने जहां कीमत 25 रुपए कम कर दी है और अब यह सीमेंट थोक में 300 रुपए हो गया है, वहीं बाकी कंपनियों ने दाम 35 रुपए कम कर दिए हैं। ऐसे में अलग- अलग कंपनियों का सीमेंट अब 265 से 290 रुपए हो गया है। इससे अब आम उपभोक्ताओं को राहत मिली है।