DJ की तेज आवाज से बवाल, बुजुर्ग को करनी पड़ी आत्महत्या, सामने आया चौंकाने वाला मामला।

भिलाई : तेज आवाज बीपी के मरीजों सहित कई लोगों के लिये दिक्कत खड़ी करने वाला होता है, बीमार लोग अलग परेशान होते है तो, कई बार लोगों को इसके कारण चिडचिडाहट होने लगती है, लगातार तेज आवाज के कारण लोग बहरेपन के शिकार भी हो जाते है। वहीँ भिलाई के हथखोज से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहाँ शीतला पारा में साउंड सिस्टम की तेज आवाज से त्रस्त होकर 55 वर्षीय धन्नू लाल साहू ने आत्महत्या कर ली। धन्नूलाल ने समिति के लोगों से कम आवाज में साउंड सिस्टम बजाने की मिन्नतें भी की थी, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी। उल्टे समिति के अध्यक्ष गोल्डी वर्मा ने विवाद शुरू कर दिया, जिससे बुजुर्ग काफी दुखी हो गया।

वहीँ समिति केअध्यक्ष ने बुजुर्ग धन्नूलाल के मुंह पर साउंड सिस्टम बजाने के लिए एसडीएम से मिली अनुमति की कॉपी फेंक दी। इस बात से दुखी होकर अधेड़ ने फांसी लगा ली और एक सुसाइड नोट छोड़ा है। जिसमें उसने गोल्डी वर्मा को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। इस घटना के सामने आने के बाद मोहल्ले के लोग सकते में आ गये।

साउंड सिस्टम के तेज आवाज से बुजुर्ग परेशान :

घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार धन्नूलाल साहू के घर के ठीक सामने गणेश पंडाल बनाया गया है। वहां पर रोजाना तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाया जाता है। तीन दिन पहले भी धन्नूलाल साहू व मोहल्ले के कुछ बुजुर्गों ने गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों से मिलकर कम आवाज में साउंड सिस्टम बजाने के लिए कहा था। इस पर समिति के अध्यक्ष गोल्डी वर्मा ने आवाज कम करने से मना कर दिया था। बुजुर्ग बार – बार निवेदन करता रहा, लेकिन उसकी बात को अनसुना कर दिया गया।

शनिवार रात में विवाद :

राम से बड़ा है राम का नाम , रोज सुने यह धुन , लिंक पर करें क्लिक :   https://www.youtube.com/watch?v=TIkGGHYTb_Y

शनिवार की रात को भी जब तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाया जा रहा था, जिसपर धन्नूलाल साहू ने आपत्ति की। इस पर विवाद शुरू हो गया। बुजुर्ग द्वारा डायल 112 को फोन करने पर पुलिस मौके पर पहुंची और साउंड सिस्टम को बंद करवा दिया। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग थाना पहुंचे। जहां पर धन्नूलाल साहू ने अपनी परेशानी बताते हुए शिकायत की, लेकिन बाद में मोहल्ले वालों की मध्यस्थता के चलते वहां समझौता करवा दिया गया। देर रात वहां से वापस लौटने के बाद गोल्डी वर्मा ने धन्नूलाल साहू के मुंह पर एसडीएम से मिली अनुमति की कॉपी फेंकते हुए कहा कि उसे साउंड सिस्टम बजाने की अनुमति मिली हुई है और वो तेज आवाज में ही साउंड सिस्टम बजायेगा। आखिर में रात के तीन बजे तक बहस चली। इसके बाद सभी लोग अपने-अपने घर चले गए और इसके बाद बुजुर्ग धन्नूलाल ने अपने घर पर जाकर फांसी लगा ली।

सुसाइड नोट में लिखा, गोल्डी वर्मा से प्रताड़ित हूं :

धन्नूलाल साहू ने सुसाइड नोट में लिखा है कि मैं गोल्डी वर्मा से काफी प्रताड़ित और परेशान हूं। मेरी मौत का जिम्मेदार वो ही और उसे सजा मिलनी चाहिए। साथ ही उसने अपने भतीजों को प्यार लिखा है। मृतक के बेटे नेतराम साहू ने चेतावनी दी है कि यदि गोल्डी वर्मा के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती तो मोहल्ले वालों के साथ मिलकर वो थाना घेराव करेंगे। इस घटना के बाद मोहल्ले में बड़ा बवाल मच गया है।

तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने की जानकारी मिलने पर पुलिस वहां पहुंची थी और उसे बंद करवा दिया था। थाना में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया था। सुसाइड नोट मिला है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। : हरीश पाटिल, सीएसपी छावनी