कवर्धा : कबीरधाम जिले के रेंगाखार थाना अंतर्गत ग्राम लोहारीडीह से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक की हत्या के शक में गांववालों ने उप सरपंच के घर को आग के हवाले कर दिया, जिसमें उसकी जलकर मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक ग्राम लोहारीडीह के युवक शिवप्रसाद का शव गांव के बाहर पेड़ पर लटकते मिला है। मृत युवक की पुरानी दुश्मनी गांव के उप सरपंच रघुनाथ साहू से थी। ऐसे में आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्या का शक जताते हुए रघुनाथ के घर को ही आग लगा दिया। इससे घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया। यहां पर तक छप्पर भी जल गया, पूरा घर तहस नहस हो गया। रसोई में रखा हुआ सिलेण्डर भी ब्लास्ट हो गया। बाद में पता चला कि इस घटना में उप सरपंच रघुनाथ साहू भी जिंदा जल गया है। इसके बाद क्षेत्र में बवाल मच गया।
इस घटना के बाद लोहारिडीह गांव में रविवार को अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने पहले पथराव किया, जिससे कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हो गये। उन्होंने बताया कि इसके बाद गांव के 40 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच से पता चला है कि रघुनाथ साहू पर इस संदेह के आधार पर हमला किया गया है, यह सोचकर कि उसने अन्य ग्रामीण कचरू साहू की हत्या कर दी है। कचरू का शव मध्यप्रदेश में बालाघाट जिले के बिजाटोला गांव के पास एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला था।
गांव के ही युवक की मिला था शव :
पुलिस महानिरीक्षक (राजनांदगांव क्षेत्र) दीपक झा ने बताया कि कचरू साहू अपने घर वालों को यह बताकर शनिवार को किसी अज्ञात वजह से बिजाटोला गया था कि वह रात में लौट आयेगा। झा ने कहा, ‘‘रविवार सुबह उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद हमने बालाघाट पुलिस को उपयुक्त जांच करने का आग्रह किया। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है।’’ उन्होंने बताया कि बाद में पुलिसकर्मी लोहारिडीह गये और कचरू साहू के परिवार को इस घटना के बारे में जानकारी देकर लौट आये। इस घटना की सूचना मिलने पर रेंगाखार पुलिस पहुंची तो उन्हें गांव में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इस पर एसपी, एएसपी पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्हें भी गांव में प्रवेश नहीं करने दिया। यहां तक कि पुलिस अधीक्षक डॉ.अभिषेक पल्लव के साथ भी धक्का मुक्की भी की गई।
हत्या के शक में लगाई आग :
राम से बड़ा है राम का नाम , रोज सुने यह धुन , लिंक पर करें क्लिक : https://www.youtube.com/watch?v=TIkGGHYTb_Y
पुलिस महानिरीक्षक (राजनांदगांव क्षेत्र) दीपक झा ने इस मामले में कहा, ‘‘लगभग 11:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि उसी गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने रघुनाथ साहू नामक ग्रामीण और उसके परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया है तथा उनके घर में आग लगा दी है।’’ उन्होंने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। झा ने बताया कि प्रतिरोध और पथराव के बीच पुलिसकर्मियों ने साहू परिवार के तीन सदस्यों को बचाने में कामयाबी हासिल की, जबकि रघुनाथ साहू का पता नहीं चला। उन्होंने बताया कि बचाए गए लोगों में रघुनाथ साहू की पत्नी और परिवार के एक अन्य सदस्य को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में घर से एक जला हुआ शव बरामद किया गया जो प्रथम दृष्टया रघुनाथ साहू का लग रहा है। जिसको लेकर जांच की जा रही है। वहीं घर के अन्य सदस्य गायब है।
जमीन विवाद का मामला आया सामने :
पुलिस महानिरीक्षक झा ने बताया कि हालांकि, उसकी पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। साहू परिवार पर हमले की असली वजह अभी पता नहीं चल पाई है। हालांकि कुछ ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि वे जमीन पर अतिक्रमण से जुड़े कुछ मुद्दों को लेकर रघुनाथ से नाराज थे। आईजी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। झा ने बताया, “हिंसा के सिलसिले में लगभग 40 ग्रामीणों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।” उन्होंने बताया कि गांव में स्थिति नियंत्रण में है। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि गांव में लगभग 400 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि ग्रामीणों ने रघुनाथ साहू को निशाना बनाया था, क्योंकि उन्हें संदेह था कि उसने कचरू साहू की हत्या कर दी और कथित भूमि विवाद के चलते उसे पेड़ से लटका दिया।
गाँव में दहशत का माहौल :
सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल : https://www.youtube.com/@MachisMediaNews/
लोहारीडीह गांव में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है। गांव के अधिकांश घरों में ताले लटके हुए हैं। लोग या तो फरार हैं या फिर पुलिस की हिरासत में हैं। वहीं फरार ग्रामीणों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। उल्लेखनीय है कि, जिस शिवप्रसाद साहू की घर में लाश मिली थी, उसे पुलिस ने आत्महत्या बताया है। सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच उसके शव को दफनाया गया। अंतिम संस्कार में सिर्फ उसका 8 साल का बेटा शामिल हुआ। वहीं शिव प्रसाद की पत्नी भी पुलिस की हिरासत में हैं और उसकी बेटियां घर में हैं। बेटियों ने रघुनाथ साहू पर पिता को मारने का आरोप लगाया है। कल ग्रामीणों ने रघुनाथ साहू के घर पर हमला किया था।
450 से ज्यादा जवान गांव में तैनात :
घटना को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, लोगों से आग्रह है कि शांति बनाए रखें। पुलिस को कार्यवाही करने में मदद करें। लोहारीडीह शांतिप्रिय गांव है और यहां एक बार नहीं सौ बार से भी ज्यादा गया हूं। घर-घर के लोगों से पहचान है और घटना के बाद गांव छावनी में तब्दील हो गया है। यहाँ लगभग 450 से ज्यादा जवान तैनात हैं। मामले से जुड़े लगभग 50 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लगभग 40-50 आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस वाले भी चोटिल हुए हैं। गृहमंत्री विजय शर्मा ने इसे दुखद बताते हुए कड़ी कार्यवाही की बात कही है।



