दुर्ग/भिलाई : जिले की पुलिस ने इस साल जुलाई में एक सरकारी कॉलेज के प्रोफेसर पर हुए हमले के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से चार घंटे तक पूछताछ की है। पुलिस ने इस मामले में बताया कि चैतन्य का मोबाईल फोन जब्त किया गया है। दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि मारपीट के मामले की प्रारंभिक जांच के दौरान आरोपी के साथ चैतन्य के संबंध सामने आए हैं, इस आधार पर उन्हें अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था, जिसको लेकर पूछताछ की गई है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि जिले के पुरानी भिलाई पुलिस थाने में चैतन्य से चार घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई है और उनका मोबाईल फोन भी जब्त कर लिया गया है, जिसके बाद उन्हें जाने दिया गया। इस वर्ष 19 जुलाई को यहां के एक सरकारी कॉलेज के प्रोफेसर विनोद शर्मा को छह लोगों ने बुरी तरह पीटा था। प्रोफेसर शर्मा पर हमला तब किया गया था, जब वह पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र से अपने घर जा रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शर्मा को यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका अभी भी इलाज जारी है, उनकी हालत काफी गंभीर है।
नौ में से पांच आरोपी गिरफ्तार :
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में इस मामले में नौ आरोपियों के शामिल होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने उनमें से पांच को गिरफ्तार किया है तथा चार अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को इसी मामले में भूपेश बघेल की बेटी का बयान भी दर्ज किया गया था। शहर पुलिस अधीक्षक (छावनी) हरीश पाटिल ने बताया कि पुलिस ने चैतन्य को बयान दर्ज करने के लिए बुलाया था। पाटिल ने बताया कि मारपीट के मामले में चैतन्य की कथित संलिप्तता और आरोपियों को भागने में मदद करने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने उन्हें बयान दर्ज करने के लिए बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने चैतन्य बघेल का बयान दर्ज कर लिया है, जिसके आधार पर मामले में आगे की जांच की जायेगी।
मोबाइल की होगी फोरेंसिक जांच :
छोटी – छोटी नवकन्या घर आये , पूरा सुने यह मधुर भजन और हमारे चैनल को सब्सक्राईब करें, इस लिंक पर क्लिक करें : https://www.youtube.com/watch?v=8OLfH1w-yBw
शहर पुलिस अधीक्षक (छावनी) हरीश पाटिल ने बताया कि उनसे जब्त मोबाईल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए साइबर विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जायेगा। अधिकारियों ने कहा, ‘‘हमने उनसे (चैतन्य बघेल) पूछताछ की है कि क्या वह राजनीतिक या आर्थिक रूप से आरोपियों के संपर्क में थे। उन्होंने अपना बयान दर्ज करा दिया है।’’ उन्होंने बताया कि मामले के तीन मुख्य आरोपी अभी भी फरार हैं। अधिकारियों ने बताया कि चैतन्य कथित रूप से आरोपी प्रवीण शर्मा के संपर्क में थे, जिनकी मौजूदगी उनके (चैतन्य) हर पारिवारिक कार्यक्रम में देखी जाती थी। यह पूछे जाने पर कि क्या भूपेश बघेल की बेटी से भी मामले में पूछताछ की गई, पाटिल ने कहा, ‘‘हां, मामले में कल (बुधवार) उनका बयान भी दर्ज किया गया।’’ अब इसके बाद बाकी आरोपियों पर भी शिकंजा कसा जायेगा। भूपेश के पुत्र चैतन्य पर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है।



