वाहन चालकों से परेशान आम आदमी अब, पुलिस को फोटो/विडियो भेजकर करवा सकता है ई-चालान।

रायपुर : आम आदमी वाहनों चालकों की मनमानी और सड़क आर वाहन अड़ाने के कारण परेशान है, कुछ बोलने पर विवाद की स्थिति निर्मित हो जाती है, साथ ही कई बार मारपीट की नौबत भी आ जाती है, ऐसे में अब आम आदमी के लिये खास खबर है। ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर सड़क पर फर्राटे भरने वाले वाहन चालकों की अब खैर नहीं है। आम नागरिक अब ऐसे चालकों का फोटो या वीडियो बनाकर ट्रैफिक पुलिस के एम परिवहन एप पर अपलोड कर पुलिस की मदद भी कर सकेंगे, साथ ही जिनसे परेशान है उनको लेकर चालान चुकाने के लिये भी बाध्य कर सकेंगे। पुलिस इसके आधार पर लापरवाह चालकों के खिलाफ कार्यवाही करेगी। दरअसल, पुलिस का एम परिवहन एप का नया वर्जन लागू हो चुका है। सोमवार को ‘ट्रैफिक प्रहरी’ पोस्टर का एसएसपी संतोष सिंह ने विमोचन कर इस एप का शुभारंभ किया है, अब इसमें आम लोग भी अपनी भागीदारी निभा सकेंगे।

एनआईसी द्वारा तैयार एम परिवहन एप का नया वर्जन केरल और ओडिशा के बाद अब छत्तीसगढ़ में लागू किया गया है। इस एप के सिटिजन सेंटिनल (ट्रैफिक पहरी) पर अब कोई भी आम नागरिक बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चलाने वाले, तीन सवारी, वाहन चलाते समय मोबाईल पर बात करने वालों, आम सड़क, नो पार्किंग जोन में पार्क वाहन, वाहन में गलत तरीके से नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने वालो का फोटो-वीडियो बनाकर सूचना दे सकता है, जिसके बाद लापरवाह चालक ट्रैफिक पुलिस के हत्थे चढ़ जायेगा। कई बार लापरवाह चालक लोगों की जान जोखिम में डाल देते है और सड़क भी जाम करके बैठ जाते है, अब ऐसे लोग भी चालानी कार्यवाही के शिकार होंगे।

आम लोग भी पूरी कर सकेंगे भागीदारी :

ट्रैफिक पुलिस तत्काल ऐसे वाहन चालक का ई-चालान बनाकर मोबाईल नंबर या वाहन चालक के पते पर भेज कर वैधानिक कार्यवाही करेगी। एसएसपी संतोष सिंह ने बताया कि ट्रैफिक प्रहरी बनकर कोई भी आम नागरिक यातायात नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालको का फोटो, वीडियो एप के जरिए उपलब्ध कराकर पुलिस की मदद कर सकता है। फोटो, वीडियो भेजने वाले का नाम, पता गुप्त रखा जायेगा। यातायात पुलिस ने रायपुर के आम नागरिकों के अपील की है कि वे सभी ट्रैफिक नियमों का पालन करें। साथ ही ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों की फोटो खींचकर या वीडियो बनाकर इस एप पर शेयर करें, ताकि उनके खिलाफ कार्यवाही की जा सके, कई वाहन चालक लगातार लोगों की जान मुसीबत में डाल रहे है।

राम से बड़ा है राम का नाम , रोज सुने यह धुन , लिंक पर करें क्लिक :   https://www.youtube.com/watch?v=TIkGGHYTb_Y

ट्रैफिक पुलिस ने अधिक से अधिक लोगों को इस ऐप का प्रयोग करने और दूसरे वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करें। पोस्टर विमोचन और एप के शुभारंभ मौके पर एएसपी ग्रामीण कीर्तन राठौर, एएसपी ट्रैफिक डॉ. अनुराग झा, डीएसपी ट्रैफिक सतीश सिंह ठाकुर, गुरजीत सिंह और सुशांतो बनर्जी, प्रधान आरक्षक कमलेश वर्मा, शहदेव वर्मा आदि मौजूद थे। आम आदमी से अपील की गई है कि वो अब ऐसे वाहन चालकों की जानकारी पुलिस तक जरुर पहुंचाये।