इंदौर (म.प्र.) : मध्य प्रदेश सहित देशभर में जुए-सट्टे का कारोबार बहुत फल-फूल रहा है। सटोरिये रोज ऑनलाइन-ऑफलाइन सट्टे में लाखों-करोड़ों का दांव लगा रहे हैं, महादेव सट्टा एप का कारोबार कितना बड़ा है, लोगों के सामने खुली किताब है। पुलिस भी नकेल कसने के लिए इन सटोरियों पर लगातार नजर गड़ाए हुए है। बुधवार को इंदौर में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया। क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सटोरियों से पूछताछ में पुलिस के हाथ कई बड़े सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस ने 6 लैपटॉप, 29 मोबाईल और 13 बैंक खातों की पासबुक भी जब्त की है।
जानें पुलिस कैसे आरोपियों तक पहुंची :
इस मामले में सामने आई जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश पुलिस जुआ-सट्टे के खिलाफ सख्त है। सट्टे पर दांव लगाने वालों को पुलिस लगातार दबोच रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच पुलिस को सूचना मिली कि कनाड़िया के मानवता नगर में एक मकान में जुआ-सट्टा चल रहा है। पुलिस ने दबिश देकर ऑनलाईन सट्टा चलाने वाले आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वहीँ अब पुलिस सट्टा किंग की कुंडली खंगालने में जुट गई है। ऑनलाईन सट्टा कारोबार में सैकड़ों करोड़ रूपये की रकम रोज लग रही है।
सटोरियों ने उगले कई राज :
पुलिस ने जब पकड़े गए सटोरियों ने पूछताछ की तो आरोपियों ने कई राज उगले। पुलिस को उत्तरप्रदेश (पश्चिम), महाराष्ट्र, राजस्थान, असम, दिल्ली के 13 बैंक खातों में करोड़ों का हिसाब मिला है। इन खातों की केवाईसी और खाता धारक की जानकारी पुलिस निकाल रही है। इसके अलावा पुलिस को 6 लैपटॉप और 29 मोबाइल भी मिले हैं। पुलिस इनकी डिटेल निकाल रही है। वहीँ ऐसे ही कई मामलों में सट्टेबाजों द्वारा किराये पर खाते लेने की जानकारी भी सामने आई है, ऐसे खातेदार भी पुलिस कार्यवाही के शिकार हुये है।
गैम्बलिंग में प्रयोग होने वाले मोबाईल जब्त :
राम से बड़ा है राम का नाम , रोज सुने यह धुन , लिंक पर करें क्लिक : https://www.youtube.com/watch?v=TIkGGHYTb_Y
क्राइम ब्रांच पुलिस के मुताबिक, गैम्बलिंग में प्रयोग होने वाले 26 मोबाईल नंबर मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, दिल्ली, बिहार, असम, आंध्र प्रदेश, झारखंड के हैं। लोकेशन से इनकी जांच की जा रही है। आरोपी डेनियल के वर्चुअल नंबर से कम्युनिकेशन करता था, इसकी भी जांच जारी है। रॉक एक्सचेंज की 4 वेबसाईट के डोमेन सर्वर और आईपी एड्रेस की जानकारी पता कर रहे हैं। सभी तरफ से अब सट्टेबाजों पर मध्यप्रदेश पुलिस लगातार कार्यवाही करने की फ़िराक में है।
ये आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े :
पुलिस ने परीक्षित लोहार (26) निवासी ग्राम दलौदा, जिला मंदसौर, रोशन लालवानी (20), विजय विश्वकर्मा (22), अभिषेक यादव (26), रुचित सिंह (25), राजेश कोतक (19), प्रफुल्ल सोनी (29) और महेंद्र सिंह (28) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी मंदसौर के रहने वाले हैं। इन सभी को पुलिस ने गिरफ्त में ले लिया है।



