इंदौर (म.प्र.) : भोपाल से ज्यादा इंदौर शहर सुर्ख़ियों में बना रहता है, आये दिन ऐसे – ऐसे मामले सामने आते रहते है, जिससे जनता हैरान और परेशान रहती है। मध्य प्रदेश में अब पुलिसवाले भी सुरक्षित नहीं हैं। सामने आया मामला चौंकाने वाला है, इंदौर में कार में शराब पीने से रोकना पुलिस वाले को भारी पड़ गया, चार लोगों ने ड्यूटी पर तैनात सब इंस्पेक्टर को न सिर्फ पीटा, बल्कि उसके हाथ से वायरलेस सेट भी छीन लिया और गाड़ी में बैठाकर पुलिसवाले से जबरदस्ती माफी भी मंगवाई और वीडियो भी बनाया। इंदौर के बाणगंगा थाना में ड्यूटी पर तैनात सब इंस्पेक्टर तेरेश्वर इक्का ने बुधवार रात कार में शराब पी रहे चार युवकों को शराब पीने से रोका, जिससे नाराज युवकों ने पहले तो पुलिसकर्मी का वायरलेस सेट छीना, फिर जमकर पीटा और सब इंस्पेक्टर को गाड़ी में जबरन बैठाकर हाथ जोड़कर माफी मंगवाई और वीडियो भी बनाया। इस घटना ने पुलिस की खुद की सुरक्षा पर भी सवाल उठा दिये है।
इस घटना के बाद पीड़ित सब इंस्पेक्टर ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने इस मामले में कार्यवाही करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें एक जोबट जेल में तैनात जेल प्रहरी भी शामिल है। बाकी 2 आरोपी अभी फरार है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई है। इस मामले में आरोपियों ने पुलिस वाले को अपने वाहन में बिठाकर ले गये और उसके बाद इस घटना को अंजाम दिया।
पुलिस का सामने आया बयान :
खास ख़बरों के लिये सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल : https://www.youtube.com/@MachisMediaNews/
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रामसनेही मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया, “यह घटना बुधवार की सुबह उस समय हुई जब एसआई टी. एक्का बाणगंगा थाना क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रहे थे और उन्होंने संदिग्ध हालत में घूम रहे आरोपियों की कार को रोका।” उन्होंने बताया कि विकास डाबी और रवि नायक नामक आरोपियों को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मिश्रा ने बताया कि डाबी मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले की जोबट जेल में प्रहरी है और छुट्टी पर इंदौर अपने घर पर आया हुआ था। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना में शामिल दो और लोगों की तलाश कर रही है। चार व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।



