अयोध्या में भगवान राम मंदिर के दर्शन के समय में हुआ बदलाव, अब इस समय कर सकेंगे दर्शन….।

अयोध्या (उप्र) : सैकड़ों सालों बाद भगवान राम अयोध्या के अपने मंदिर में पिछले वर्ष 22 जनवरी को विराजित हो चुके है, ऐसे में उनके दर्शन के लिये रोजाना लाखों की संख्या में श्रद्धालु लगातार अयोध्या पहुँच रहे है, ऐसे में अयोध्या के रामलला मंदिर में दर्शन और अनुष्ठान के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है, जिसके तहत अब मंदिर सुबह सात बजे की जगह छह बजे खुलेगा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक मंदिर अब सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा। ट्रस्ट के मुताबिक मंदिर में मंगला आरती तड़के चार बजे होगी जिसके बाद मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद श्रृंगार आरती सुबह छह बजे होगी और उसी समय मंदिर आम लोगों के लिए खुल जायेगा, जिसके बाद श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। 

ट्रस्ट के अनुसार राजभोग दोपहर 12 बजे लगाया जाएगा और भोग लगने के बाद भी श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। ट्रस्ट के अनुसार मंदिर में संध्या आरती शाम सात बजे होगी। इस दौरान मंदिर के पट 15 मिनट के लिए बंद रहेंगे और उसके बाद उन्हें खोल दिया जायेगा। ट्रस्ट ने कहा कि शयन आरती रात 10 बजे होगी, जिसके बाद मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे। ट्रस्ट द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक पहले शयन आरती रात साढ़े नौ बजे होती थी। राम मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के कारण यह फैसला लिया है, ताकि आसानी से दर्शन किए जा सकें। दर्शन और अनुष्ठान के लिए शाम को लगभग आधा घंटा और सुबह डेढ़ घंटा जोड़कर कार्यक्रम को समायोजित किया गया है। श्रद्धालु प्रसाद के समय भी दर्शन कर सकेंगे। सभी श्रद्धालु इस नये समयानुसार भगवान राम के दर्शन कर सकेंगे।

खास ख़बरों के लिये सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल :  https://www.youtube.com/@MachisMediaNews/