रायपुर : राजधानी के सरस्वती नगर क्षेत्र में जीई रोड पर इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में चोरी करने वाले आरोपी सहित सहित 5 आरोपी पकड़े गए है। घटना में सामने आया है कि चोरी करने वाले ने पहले यूट्यूब से चोरी करने का तरीका देखा। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। उसने शोरूम से चुराए मोबाइल को ओला ड्राइवर और कारोबारी सहित 4 लोगों को बेच दिया था। पुलिस ने चोरी करने वाले और खरीदने वालों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कारोबारी के बेटे ने हॉलीवुड फिल्में देखकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
महंगे शौक ने बनाया कर्ज, चुकाने की चोरी :
परिवार का बड़ा कारोबार होने के बावजूद मयंक दीक्षित ने अपने महंगे शौक को पूरा करने के लिए काफी उधार ले रखा था। उधार चुकाने के लिए उसने चोरी की योजना बनाई। पुलिस ने बताया कि जीई रोड के रिलायंस डिजिटल स्टोर में चोर शीशा तोड़कर भीतर घुसा और एप्पल के 17 मोबाइल, घड़ी और अन्य सामान चुराकर भाग निकला। इस मामले में रिलायंस कंपनी के डिपार्टमेंट मैनेजर सोमनाथ लसेर ने जीई रोड अनुपम गार्डन के सामने रिलायंस डिजिटल सेंटर में 25-26 मई की दरमियानी रात 17 नग सील पैक आईफोन चोरी की शिकायत थाने में की थी। इसकी शिकायत पर सरस्वती नगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
फर्जी बिल भी बनाकर दिया :
दूसरे दिन चोरी के मोबाईल को बेचने के लिए अपने पहचान वालों से संपर्क किया। ओला ड्राईवर चंदन वर्मा को 4 मोबाईल दिए। गोलबाजार के कारोबारी अमित अग्रवाल को 8 मोबाईल, लाखेनगर निवासी आशीष लखवानी को 1 मोबाईल, निखिल गर्ग को 2 मोबाईल दिए। इसके लिए उसने रवि भवन से फर्जी बिल भी बनाकर दे दिया था। इस तरह उसने मोबाईल खपाने के लिए सबको बेच दिया। इसके बाद पुलिस ने चंदन, अमित, निखिल, आशीष को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के पास चोरी के मोबाईल बरामद किए गये है। अन्य सामान समेत कुल 20 लाख का माल बरामद हुआ। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों को पकड़ने में सरस्वती नगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की भूमिका अहम रही।
कारोबारी का पुत्र चोरी से पहले कई बार स्टोर गया :
पुलिस के मुताबिक चोरी करने वाले मयंक के परिवार का बड़ा कारोबार है। वह अपने घर वालों से छुपकर कई महंगे शौक पूरा करता था। इसके चलते उसने काफी उधार भी ले रखा था। इसी के चलते उसने चोरी करने की योजना बनाई। इसके लिए उसने यूट्यूब पर वीडियो देखा। ऑनलाइन हथौड़ी मंगाई। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने चौबे कॉलोनी निवासी मयंक दीक्षित को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया है। चोरी करने से पहले वह स्टोर में कई बार गया था। घटना वाली रात दोपहिया से वह स्टोर पहुंचा। इसके बाद निर्माणाधीन भवन में लगे बांस-बल्ली के जरिए स्टोर के फर्स्ट फ्लोर के पास पहुंचा। इसके बाद हथौड़ी से शीशा तोड़कर भीतर घुसा। वहां से मोबाईल व अन्य सामान लेकर उसी रास्ते से बाहर निकल गया था।
चोरी किये गये सामान को बेचने के लिए उसने कई दुकानदारों और लोगों से संपर्क किया। इन्हीं में से एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी, जिससे आरोपी फंस गया। जिन-जिन लोगों ने आरोपी के पास से आईफोन खरीदा उनमें कई दुकानदार भी हैं, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने 21 लाख रुपए का माल बरामद कर लिया है।



