खैरागढ़ : जिले से हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है, छुईखदान क्षेत्र के ग्राम भोरमपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घरेलू फ्रीज में अचानक भीषण धमाका हुआ और 52 वर्षीय किसान गंभीर रूप से घायल हो गया और जिला अस्पताल रेफर करने के दौरान उनकी मौत हो गई। यह घटना सोमवार की है। जानकारी के मुताबिक, श्रीराम वर्मा ने रोज की तरह फ्रीज से सामग्री निकालने के लिए उसका दरवाजा खोला, फिर अंदर से तेज धमाका हुआ, और फ्रीज टुकड़े -टुकड़े हो गया। वहीँ इस विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि किसान के दोनों पैर मौके पर ही उखड़ गए। शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई है।
परिजन व ग्रामीणों ने घायल किसान को तत्काल छुईखदान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। अत्यधिक रक्तस्राव और आंतरिक चोटों की वजह से किसान ने जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक श्रीराम वर्मा अपने पीछे एक पुत्र और तीन पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। पूरे गांव में शोक की लहर है। इस घटना से क्षेत्रवासी स्तब्ध है।
धमाके की वजह स्पष्ट नहीं, लोगों के लिए चेतावनी :
फिलहाल विस्फोट के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीँ प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फ्रीज रातभर बंद था, और सुबह चालू करते ही यह भयानक हादसा हुआ। फ्रीज रसोई में था और संभवतः पुराने मॉडल का था। तकनीकी विशेषज्ञों की मानें तो ऐसा विस्फोट कंप्रेसर फेल, गैस रिसाव या ओवरलोड इलेक्ट्रिकल सर्किट के कारण हो सकता है। ऐसे में पुरानी चीजों का प्रयोग करना हानिकारक हो सकता है। यह हादसा सभी लोगों के लिए एक चेतावनी है कि घरेलू उपयोग के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों जैसे फ्रिज, एसी, कूलर, गीजर आदि की समय-समय पर अधिकृत तकनीशियन से जांच और सर्विसिंग कराना जरूरी है। साथ ही सुरक्षा जांच की लिखित रिपोर्ट भी सुरक्षित रखना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। वहीँ हो सके तो एक समय के बाद उपकरण बदल देने चाहिये।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मौके का मुआयना किया है। बिजली विभाग और तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम विस्फोट के संभावित कारणों की जांच करेगी। उम्मीद है कि रिपोर्ट के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। वहीँ इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, तो वहीँ इस घटना से क्षेत्रवासी भी सहमे हुये है।



