रायपुर : छत्तीसगढ़ में मानसून वैसे तो औसतन 15 जून के लगभग आ ही जाता है, वहीँ इस बार जल्दी आने की उम्मीद थी, लेकिन देर हो गई है। अब जानकारी सामने आई है कि छत्तीसगढ़ में अनुकूल परिस्थितियों के साथ मानसून आगे बढ़ रहा है। वहीँ राजधानी रायपुर में आज सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई है। आने वाले दिनों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में बस्तर और सरगुजा संभाग में मध्यमसे भारी बारिश हुई है। इस दौरान सबसे ज्यादा तापमान दुर्ग में 37.4 डिग्री और सबसे कम राजनांदगांव 21 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून उत्तर अरब सागर के कुछ और भाग, गुजरात के कुछ और भाग, विदर्भ के बचे भाग, मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ के और कुछ भाग, ओडिशा के बचे हुए भाग, झारखंड के कुछ और भाग, गंगेटिक पश्चिम बंगाल के संपूर्ण हिस्से, उप हिमालयीन हिमालय पश्चिम बंगाल के बचे हुए हिस्से तथा बिहार के कुछ और भाग में पहुंच गया है। दक्षिण पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा दिशा, इंदौर, पचमढ़ी, मालदा, अंबिकापुर, हजारीबाग, सुपौल है. दक्षिण पश्चिम मानसून को आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है। इस तरह मानसून धीरे – धीरे कदम बढ़ा रहा है।
एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिणी पश्चिमी बांग्लादेश और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर स्थित है, इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए और अधिक प्रबल होने की संभावना है। एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल में 5.8 किलोमीटर पर, 72 डिग्री पूर्व और 30 डिग्री उत्तर में स्थित है। अब आने वाले चार दिनों में भारी बारिश की चेतावनी है।



