पुलिस ने निकाला हिस्ट्रीशीटर बदमाशों का जुलूस,  तलवार से किया था हमला।

दुर्ग/भिलाई : एनकाउंटर में ढेर हो चुका कुख्यात गैंगस्टर अमित जोश एक बार फिर भिलाई की सड़कों पर खौफ बनकर लौटता दिख रहा है। इस बार उसके नाम पर गैंग के सदस्य तलवारें लेकर खुलेआम हमला करते नजर आ रहे हैं, शहर में इनका खौफ पनप रहा है। शुक्रवार देर रात सेक्टर-5 मार्केट में BSP में काम करने वाले चंद्रकांत वर्मा पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया है। हमलावर कोई और नहीं बल्कि अमित जोश का जीजा लकी जॉर्ज और उसका साथी यशवंत नायडू थे।

दुर्ग पुलिस ने अब इन बदमाशों के खिलाफ कार्यवाही करनी शुरु की है। इसी कड़ी में आदतन बदमाश हिस्ट्रीशीटर यशवंत नायडू और लकी जार्ज का पुलिस ने जुलूस निकाला है। इन दोनों आरोपियों ने बीएसपी कर्मी चंद्रकांत पर तलवार से हमला किया था। जिसमें वो गंभीर रुप से घायल हो गया था। जिसके बाद घायल को इलाज के लिए सेक्टर 9 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इस घटना के बाद चंद्रकांत की शिकायत पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया गया है।

इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों यशवंत नायडू और लकी जॉर्ज को गिरफ्तार किया गया और इसके बाद दोनों आरोपियों का सेक्टर 5 बाजार में जुलूस निकाला गया। ताकि लोगों के मन से दोनों का खौफ खत्म हो सके। साथ ही साथ बदमाशों को पुलिस ने चेतावनी दी कि यदि उन्होंने शहर की फिजा जरा भी खराब करने की कोशिश की तो सबका अंजाम ऐसा ही होगा। हालाँकि पुलिस की कार्यवाही बदमाशों पर नाकाफी हो रही है। बदमाशों के हौंसले लगातार बुलंद हो रहे है।

इस दौरान आरोपियों की सारी हेकड़ी पुलिस ने निकाल दी। जुलूस के दौरान कमजोरों पर अपना रौब दिखाने वाले बदमाश रहम की भीख मांग रहे थे। बदमाश ये कहते दिख रहे थे कि पुलिस हमारा बाप है, अपराध करना पाप है। इस स्लोगन के साथ दोनों बदमाशों को पुलिस ने पूरे क्षेत्र में घुमाया गया। जिसके बाद दोनों ने पुलिस के सामने हाथ जोड़े कि दोबारा ऐसी गलती नहीं होगी। आपको बता दें कि दुर्ग जिले में बढ़ते अपराध के मद्देनजर गुंडा बदमाशों की तस्वीरें उनके थाना क्षेत्र के चौक चौराहों में लगाई जा रही है। फिलहाल दुर्ग जिले के हर थाने में गुंडे और बदमाशों के पोस्टर लगे हैं। लेकिन पुलिस अब इन पोस्टर्स को थानों से निकालकर चौक चौराहों में लगवा रही है। ताकि लोगों के ये पता चल सके कि उनके एरिया में कौन गुंडा बदमाश है। ऐसे ही कई बदमाश अब जनता की नजर में भी आ रहे है।

इस अभियान के बाद अब कई अपराधी खुद की तस्वीर हटवाने के लिए जुगाड़ में लग चुके हैं। जिले की बात की जाए तो यहां 527 गुंडे बदमाश हैं। जिनमें से 446 हाजिर, फरार 43 और जेल में 38 हैं। आपको बता दें कि गुंडे और बदमाशों के खिलाफ पुलिस कई बार त्वरित कार्यवाही करती है। लेकिन इसके बाद भी बदमाश अपराध करने से बाज नहीं आते, लिहाजा पुलिस ने क्राइम कंट्रोल के लिए नया रास्ता निकाला । जिससे अपराध को नियंत्रण में लिया जा सके।