कोरबा : कोरबा में एक सनसनीखेज चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ नशे में धुत्त एक युवक ने मासूम बच्ची को जबरन नीले ड्रम में डाल दिया, जिससे बच्ची रोने चिल्लाने लगी। गनीमत रही कि आसपास मौजूद युवकों की समय रहते नजर पड़ गई और मासूम बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही बच्ची के परिजन मौके पर पहुंचे और युवक की जमकर पिटाई की। इसके बाद बस्तीवासियों का गुस्सा भी फूट पड़ा। सभी बस्ती वाले बड़ी संख्या में कोतवाली थाने पहुंचे और हंगामा करने लगे। इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। पूछताछ के दौरान युवक ने सफाई देते हुए कहा कि वह बच्चे के साथ मजाक कर रहा था। आरोपी युवक का नाम सूरज मांझी बताया जा रहा है, जो सीतामणी का रहने वाला है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह मजाक का कृत्य था या जानलेवा यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा।



