बिरनपुर हत्याकांड पर बड़ा खुलासा, CBI ने कहा – कोई राजनीतिक साज़िश नहीं, अब मामले में राजनैतिक बवाल।

रायपुर : छत्तीसगढ़ के चर्चित बिरनपुर हत्याकांड में सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। सीबीआई ने चार्जशीट में कई खुलासे किए हैं। हत्याकांड में मारे गए भुवनेश्वर साहू के पिता ने जिन लोगों पर आरोप लगाया था उनका कहीं भी जिक्र नहीं किया गया है। उस समय इस हत्याकांड पर जमकर सियासत हुई थी। उसके बाद भाजपा ने बेमेतरा जिले की साजा विधानसभा सीट के मृतक भुवनेश्वर साहू के पिता ईश्वर साहू को चुनाव मैदान में उतारा था। ईश्वर साहू ने कांग्रेस के कद्दावर नेता रवीन्द्र चौबे को चुनाव हराया था। बिरनपुर हत्याकांड में सीबीआई ने अपनी चार्जशीट कोर्ट में पेश कर दी है। जिसने राज्य में सियासी गर्मी बढ़ा दी है। अब CBI ने चार्जशीट में यह साफ किया है कि यह घटना दो गुटों के बीच हुए आपसी विवाद का नतीजा थी और इसमें किसी भी तरह की राजनैतिक साजिश या साम्प्रदायिक षड्यंत्र की आशंका नहीं है। चार्जशीट आने के बाद कांग्रेस भाजपा पर हमलावर हो गई है। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने बीजेपी पर साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने इस घटना को राजनीतिक रंग दिया था। उन्होंने भाजपा के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव से तब की कांग्रेस सरकार पर तुष्टिकरण के झूठे आरोप लगाने के लिए माफी की मांग की है।

क्या है बिरनपुर हत्याकांड?

यह पूरी घटना 8 अप्रैल 2023 को हुई थी। तब बलौदा बाजार जिले के बिरनपुर गांव में दो गुटों के बीच झगड़ा हुआ था। इस झगड़े में भुनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव पसरा और फिर इसे राजनीतिक चश्मे से भी देखा जाने लगा। इसी दौरान गांव के ही कुछ घरों में आगजनी भी हुई थी, क्षेत्र में माहौल काफी खराब हो गया था, इसके बाद 10 अप्रैल को मुस्लिम समुदाय के दो लोगों के शव खेत से बरामद हुए थे। इस घटना से तनाव इतना बढ़ गया था कि गाँव में धारा 144 लगानी पड़ी और करीब दो सप्ताह तक कर्फ्यू जारी रहा था। पुलिस ने भुनेश्वर साहू की हत्या के मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

सियासत और विधायक का कनेक्शन :

इस घटना को भाजपा ने तत्कालीन कांग्रेस सरकार के खिलाफ एक बड़ा मुद्दा बनाया था। भाजपा ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण का आरोप लगाया था और इस मामले को विधानसभा चुनाव में प्रमुखता से उठाया गया था। भाजपा ने मृतक भुवनेश्वर साहू के पिता ईश्वर साहू को बेमेतरा जिले की साजा विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में भी उतार दिया था। ईश्वर साहू ने कांग्रेस के कद्दावर नेता और तत्कालीन मंत्री रवीन्द्र चौबे को चुनाव हराकर जीत हासिल की थी, जो कि चौंकाने वाली थी, इस घटना से कांग्रेस को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा था।

भाजपा विधायक के आरोप पर सीबीआई मौन :

भुवनेश्वर साहू के पिता और अब भाजपा विधायक ईश्वर साहू लगातार आरोप लगाते रहे थे कि हत्याकांड में एक स्थानीय कांग्रेसी नेता अंजोर यदु की भूमिका थी, लेकिन सीबीआई की चार्जशीट में अंजोर यदु के नाम या किसी भी राजनीतिक चेहरे की भूमिका का कोई जिक्र नहीं है। ऐसे में सीबीआई की चार्जशीट में राजनीतिक साजिश की बात न होने से अब भाजपा की तरफ से इस मुद्दे पर कोई बड़ी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, भाजपा विधायक ईश्वर साहू अभी भी इस मामले में अन्य बिंदुओं पर जांच की बात कह रहे हैं, जिस पर अभी स्पष्टता आनी बाकी है। इस मामले में आगे क्या खुलासा होगा कह पाना मुश्किल है,. लेकिन मामले ने फिर से राजनैतिक बवाल खड़ा कर दिया है।