बिलासपुर : जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ सोशल मीडिया के जरिए प्रेमजाल में फंसा कर दैहिक शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवती से दोस्ती की और उसके बाद शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और फिर वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। जिससे युवती के लिये मुसीबत खड़ी हो गई।
इस मामले में सामने आई जानकारी के अनुसार, पीड़िता पढ़ाई के लिए अपने गांव से बिलासपुर आई थी। इसी दौरान फरवरी 2025 में उसकी मुलाकात साजिद अहमद नाम के युवक से हुई, जो सूरजपुर जिले के मानपुर का निवासी बताया जा रहा है।सोशल मीडिया पर बातचीत के बाद आरोपी ने उसे घुमाने के बहाने अपने किराए के मकान पर बुलाया और वहां शादी का झूठा वादा कर संबंध बनाए। बाद में उसने इस घटना की गुप्त रूप से वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार आठ महीने तक दैहिक व मानसिक प्रताड़ना दी, जिससे युवती डरी सहमी और परेशान रही है।
युवती ने मां को बताई आपबीती :
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब युवती ने सारी बात अपनी मां को बताई। इसके बाद दोनों ने मिलकर सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। इस मामले की शिकायत मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह ने तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। थाना प्रभारी निलेश पांडे के नेतृत्व में टीम ने सिर्फ 10 घंटे में आरोपी साजिद अहमद (25) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस आरोपी के मोबाईल और सोशल मीडिया अकाउंट से तकनीकी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। इस मामले में थाना प्रभारी निलेश पांडे ने कहा है कि, “महिला संबंधी अपराधों में पुलिस की तत्पर कार्यवाही जारी है। इस मामले में भी सिर्फ 10 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।” महिला से सम्बंधित अपराधों में पुलिस कार्यवाही के लिये कोई कोताही नहीं बरत रही है।



