बिलासपुर : मस्तूरी में कांग्रेस नेता और जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह ठाकुर के ऑफिस के पास देर शाम हुई फायरिंग के मामले में एक बड़ी जानकारी सामने आई है। इस मामले में पुलिस के हाथ हमलावरों का सीसीटीवी फुटेज लगा है, जिसमें देखा जा सकता है कि 4 हमलावरों ने नकाब पहनकर इस वारदात को अंजाम दिया है। फुटेज में हमलावर गोली चलाते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस के अनुसार, हमलावर जोंधरा चौक की तरफ से आए थे। हालांकि, सभी हमलावरों के चेहरे नकाब से ढंके हुए थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
बीते शाम जनपद उपाध्यक्ष नितेश ठाकुर के कार्यालय में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई है। इस गोलीकांड में भाजपा नेता रौशन सिंह के ससुर चंद्रकांत सिंह और एक अन्य युवक राजू सिंह घायल हुए हैं। दोनों को बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीँ पुलिस ने जांच शुरू की थी जिसमें अभी यह सबूत सामने आया है।
राजनीतिक प्रतिद्वंदिता और पुरानी रंजिश समेत कई एंगल पर जांच :
इस गोलीकांड में भाजपा नेता के ससुर सहित दो लोगों को गोली लगी थी, जिनका गंभीर हालत में अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद से ही पुलिस की टीम अलग-अलग एंगलों पर जांच कर रही है। पुलिस पुरानी रंजिश, राजनीतिक प्रतिद्वंदता, जमीन विवाद, अन्य व्यक्तिगत विवाद, इन सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। घटना का सम्बन्ध किस मामले से है, इसके हर पहलु पर जांच की जा रही है।
कई संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी :
ताजा जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इन सभी संदिग्धों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि जल्द से जल्द हमलावरों और वारदात के पीछे के मास्टरमाइंड का पता लगाया जा सके। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों से मिली जानकारी के आधार पर हमलावरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जारी आक्रोश को शांत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, फायरिंग की यह वारदात जनपद उपाध्यक्ष नितेश ठाकुर के ऑफिस में हुई। अज्ञात हमलावरों ने कार्यालय पर अचानक धावा बोलते हुए 10 से 12 राउंड फायरिंग की, जिसमें दो लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शाम करीब 6 बजे के बाद की बताई जा रही है।



