‘सट्टा किंग’ योगेंद्र शर्मा उर्फ़ लाला के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर। फरार होने के बाद भी जारी है, सट्टा का खेल।

मुंगेली : राज्यभर में कहने को तो कई बड़े – बड़े सट्टेबाज है, लेकिन उनके अलावा कई बड़े सट्टेबाज भी है, जो लगातार सट्टेबाजी को अंजाम दे रहे है। ऐसे ही मुंगेली जिले के खैरासेतगंगा निवासी योगेंद्र शर्मा उर्फ लाला भर्रा महाराज पर वर्षों से बड़े पैमाने पर सट्टा कारोबार संचालित करने के आरोप हैं। इस मामले में बताया जाता है कि इनके नेटवर्क के कारण हजारों युवा और महिलाएं ऑनलाइन व मौखिक रूप से सट्टे में फंसते रहे है और कई परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच गए है, सट्टा खेलने वाले एक जीत के बाद हार में फंसते चले जाते है, जिससे उनका जीवन बर्बाद हो जाता है। वहीँ मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश के बाद पुलिस भी लगातार कार्यवाही कर रही है। इसके बावजूद आरोपी मोबाईल के जरिए अंडरग्राउंड तरीके से धंधा जारी रखे हुए था। ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने विशेष टीम बनाकर छापामार कार्यवाही की है, जहां पकड़े गए लिखवाई कर रहे आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लंबे समय से योगेंद्र शर्मा के लिए काम कर रहे थे।

उनके मोबाईल से लाखों रुपये के लेनदेन और अवैध संपत्तियों की जानकारी भी सामने आई है, जो कि चौंकाने वाली है। इसी आधार पर पुलिस ने जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया, मगर योगेंद्र शर्मा तब से फरार है, जो कि अभी तक गिरफ्त में नहीं आया है। पुलिस उसको पकड़ने के लिये लगातार प्रयास कर रही है।

अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर :

वहीँ फरार आरोपी योगेंद्र शर्मा पर न केवल सट्टेबाजी बल्कि शासकीय भूमि पर कब्जा कर दुकानों के अवैध निर्माण का भी आरोप है। ग्रामीणों ने कलेक्टर, एसडीएम और राजस्व अधिकारियों को कई बार शिकायत दी थी। आदेश के बावजूद आरोपी ने अवैध निर्माण हटाने से इंकार कर दिया था। जिसे अब राजस्व विभाग, पुलिस, पटवारी और कोटवार की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर तालाब किनारे और अन्य स्थानों पर बने अवैध दुकानों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी आरोपी द्वारा किए गए अन्य अवैध निर्माणों को तोड़ा जायेगा, जिसको लेकर कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।

अग्रिम जमानत याचिका खारिज :

सत्र न्यायाधीश मुंगेली के न्यायालय ने 20 नवम्बर को योगेंद्र शर्मा की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। मामला छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिबंध अधिनियम 2022 की धारा 6 से संबंधित है। कार्यवाही तब शुरू हुई जब थाना फास्टरपुर-सेतगंगा पुलिस ने 4 नवंबर 2025 को गोविंद सोनवानी कोसट्टा-पट्टी लिखते हुए पकड़ा गया है। उसके कब्जे से पर्चियां, मोबाईल और नकद जब्त हुए। पूछताछ में उसने बताया कि वह 2021 से योगेंद्र शर्मा के लिए काम कर रहा था और सभी रकम व परिणाम मोबाईल से भेजता था। जांच में प्राप्त बैंक स्टेटमेंट में पाया गया कि गोविंद सोनवानी ने योगेंद्र शर्मा के SBI व ICICI खातों में 3,20,790 रुपये स्थानांतरित किए गये है। न्यायालय ने इसे प्रथमदृष्टया महत्वपूर्ण साक्ष्य माना है।

इसके साथ ही याचिकाकर्ता ने खुद को गल्ला व्यापारी बताकर झूठा फंसाए जाने का दावा किया, मगर लोक अभियोजक रजनीकांत सिंह ठाकुर ने तथ्य और पुराने मामलों का हवाला देते हुए जमानत का कड़ा विरोध किया। जज गिरिजा देवी मेरावी ने आरोपी का क्रिमिनल रिकॉर्ड और बैंक लेनदेन को गंभीर मानते हुए जमानत याचिका खारिज कर दी है। वहीँ पुलिस की यह कार्यवाही आगे भी इसी तरह से चलती रहेगी।