घुमंतू पशुओं के मालिकों पर अब निगम करवायेगा मामला दर्ज, बढ़ती दुर्घटनाओं से बढ़ी चिंता।

जगदलपुर : सड़कों पर आवारा पशुओं के कारण कई बार दुर्घटनाएं हो जाती है, खासकर रात के समय में यह काफी ज्यादा होता है। शहर में आवारा और घुमंतू पशुओं के कारण लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अब नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। बार-बार सड़कों से हटाने के बावजूद ये पशु फिर से सड़क पर पहुंच जाते हैं, जिसके चलते अब नगर निगम जगदलपुर ने घुमंतू पशुओं के मालिकों के खिलाफ FIR दर्ज कराने का निर्णय लिया है।

नगर निगम क्षेत्र के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास स्थित ग्रामीण क्षेत्रों में भी यह सख्ती अपनाई जायेगी। नगर निगम, यातायात विभाग और ग्राम पंचायतों ने मिलकर सख्त कार्यवाही को लेकर अपनी सहमति दी है। जिसको लेकर आवारा पशुओं के मालिकों की पतासाजी कर उन पर मामले दर्ज किये जायेंगे।

महापौर संजय पांडे ने बताया है कि नगर निगम क्षेत्र में आवारा पशुओं की पहचान कर उनका पुनर्वास करते हुए गौशालाओं में भेजा जायेगा। साथ ही पशुओं के मालिकों के खिलाफ जुर्माने की कार्यवाही करते हुए दुर्घटना होने की स्थिति में FIR की भी कार्यवाही होगी। नगर निगम ने इसके लिए गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण का काम भी शुरू कर दिया है। इसके साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने पालतू पशुओं को सड़कों पर न छोड़ें। ऐसे में अब उन्हें कार्यवाही का शिकार होना पड़ सकता है।