सुकमा : छत्तीसगढ़ सीमा से सटे आंध्र प्रदेश के मारेडमिल्ली घाट में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है, यहाँ जी ट्रेवल्स बस की खाई में गिरने से 8 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई है, वहीं कई अन्य यात्री गम्भीर रूप से घायल हो गए है, सभी घायलों को इलाज के लिए चिंतूर अस्पताल भेजा गया है। इस घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक, यह बस अरुकु से रायलसीमा, चित्तूर जा रही थी। शुक्रवार की तड़के सुबह मारेडमिल्ली घाट में बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, जिसके बाद वहां चीख पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है, वहीं अनेक लोग घायल हैं। इस घटना की सूचना मिलने पर राहत दल मौके पर पहुंचा।
घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। वहीं दुर्घटना में मृत यात्रियों की पहचान की जा रही है। इधर मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा कि आखिर इतना बड़ा हादसा कैसे हो गया। वहीँ खाई में गिरने से बस के परखच्चे उड़ गये। आसपास के लोगों की भीड़ भी यहां जुट गई। तुरंत ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस बचाव कार्य में जुट गई, पुलिस ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



