दो दिन के उतर चढ़ाव के बाद उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में दो दिन बाद ऐसा रहेगा मौसम….।

रायपुर : मौसम में बदलाव लगातार जारी है, बीते दिनों कड़कड़ाती ठंड से जनमानस ठिठुरता रहा। वहीँ प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में शीत लहर का असर जारी है। लेकिन रविवार से तापमान में उतार-चढ़ाव दिखने के आसार हैं। वहीँ मौसम विभाग के अनुसार मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में अगले दो से तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की क्रमिक वृद्धि हो सकती है। इससे रात की ठंड में थोड़ी राहत मिलेगी।

मौसम विभाग के अनुसार, 14 दिसंबर से प्रदेशभर में शीत लहर की स्थिति में कमी आने की संभावना जताई गई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक, जबकि न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री, सामान्य से 2.1 डिग्री कम दर्ज किया गया है।

अंबिकापुर में 5.3 डिग्री पहुंचा पारा :

रात के समय ठंड का असर साफ महसूस हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 29.5 डिग्री राजनांदगांव में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम 5.3 डिग्री अंबिकापुर में रहा। बिलासपुर, जशपुर, पेण्ड्रारोड और सरगुजा संभाग के ऊपरी क्षेत्र में सुबह और रात की सर्दी बढ़ी हुई है। ओस की बूंदे जमने लगी है।

इस वजह से कम होगी ठंड :

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय एक प्रणाली के कारण तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीँ इसके असर से प्रदेश में भी ठंड का प्रकोप कम होने के आसार बताये जा रहे हैं।

रायपुर का ऐसा रहेगा मौसम :

राजधानी में 13 दिसंबर को शहर में हल्के बादल छाये रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान एक-दो स्थानों पर शीत लहर चलने की संभावना है। राजधानी में शाम से मौसम में ठंडक बढ़ रही है, जो सुबह 8 बजे तक बरकरार है। मौसम विभाग ने नागरिकों से सुबह और देर शाम सर्द हवाओं से बचाव की अपील भी की है।