शीतलहर और कड़ाके की ठंड के बीच 7 दिनों के लिये मौसम विभाग ने जारी किया बड़ा अलर्ट।

रायपुर : ठंड में कमी और बढ़ोत्तरी के बीच मौसम विभाग ने नया अलर्ट जारी किया है। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीँ मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में फिलहाल राहत मिलने की संभावना नहीं है, ठंड में बढ़ोत्तरी होगी। उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहर के कारण सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम में नमी और तापमान गिरने के कारण सरगुजा संभाग में घने कोहरे का भी अलर दिख रहा है।

सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सड़कों पर दृश्यता घटकर 20 मीटर रह गई है। घने कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। आगामी दिनों में भी कोहरे का असर दिख सकता है। वहीँ सरगुजा में शीतलहरों के कारण मैदानी क्षेत्रों में भी कड़ाके की ठंड का असर दिखाई दे रहा है। पठारीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। वहीँ पिछले 24 घंटे में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया है। सर्द हवाओं के कारण शाम होते ही सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम होने लगी है। लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।

वहीँ ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का और ज्यादा असर दिखाई दे रहा है। कोहरा के कारण तेज धूप नहीं हो रही है जिस कारण से लोगों को 24 घंटे गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा रहा है। उत्तर छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। शीतलहरों का असर दिखेगा और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिरने का अनुमान है।

इसके साथ ही छ्त्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। सुबह और शाम को जोरदार ठंड का एहसास हो रहा है। दुर्ग क्षेत्र में भी कड़ाके की ठंड हो रही है। हालांकि दिन में धूप निकलने से लोगों को हल्की राहत मिलती है। वहीँ शाम होते होते मौसम में ठंड का प्रकोप बढ़ने लगता है। जिससे शाम होते ही लोग घरों में दुबकने लगते है।