बिलासपुर : न्यायधानी में बदमाशों का आतंक लगातार जारी है, हर जगह बदमाश चाकूबाजी और मारपीट की घटनाओं को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे है। ऐसे ही राजीव प्लाजा गेट के पास मारपीट की घटना को लेकर तारबाहर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने बताया कि ये आदतन बदमाश है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजीव प्लाजा में गार्ड की नौकरी करने वाला अमर पाल 10 जनवरी 2026 को ड्यूटी पर था। तभी रात करीब 10 बजे वह खाना खाने गया था और उसकी जगह साहेब सिंह ड्यूटी संभाल रहा था। इसी दौरान रात लगभग 10.20 बजे एक ऑटो चालक ऑटो को राजीव प्लाजा के गेट नंबर-01 से अंदर ले जाने का प्रयास कर रहा था। गार्ड द्वारा उसे मना करने पर ऑटो चालक ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और गार्ड के साथ हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की। इसके साथ ही आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
इस घटना की शिकायत पर थाना तारबाहर में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर त्वरित कार्यवाही के आदेश दिये गये। वहीँ इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार अनंत के नेतृत्व में टीम गठित की गई और आरोपियों की खोजबीन शुरू की गई।
जिसके बाद पुलिस की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। जिसके बाद इन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है :
- मोहम्मद शाहरूख (32 वर्ष), निवासी खुदीराम बोस चौक, थाना तारबाहर।
- रियाज अहमद (27 वर्ष), निवासी राजकिशोर नगर, थाना सरकंडा।
- सागर नायक (26 वर्ष), निवासी ग्राम जांजी, थाना सीपत
उक्त घटना में शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रियाज अहमद और सागर नायक का थाना सरकंडा क्षेत्र में पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी पाया गया है। इन तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही करते हुए उन्हें माननीय सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें जेल भेजा गया है।



