अतिरिक्त वैवाहिक प्रेम-प्रसंग के मामले में पत्नी ने पति को जहर देकर उतारा मौत के घाट, इस तरह खुला मामला….।

कोरबा : वर्तमान में लिव इन रिलेशनशिप और अतिरिक्त वैवाहिक प्रेम-प्रसंग के मामलों ने समाज को दूषित तो कर ही दिया है, लेकिन इनके अंजाम अब खौफनाक भी होने लगे है, जहाँ बीते वर्ष नीला ड्रम चर्चा में रहा वहीँ, मौत के घाट उतारने वाले मामले लगातार सामने आ रहे है। ऐसे ही छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने पति को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया है। हत्या के बाद महिला ने मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन उसके ही मासूम बच्चों के बयान ने पूरी साजिश बेनकाब कर दी, जिससे महिला क़ानूनी कार्यवाही के हत्थे चढ़ गई। यह पूरा मामला दर्री थाना क्षेत्र के लाटा बस्ती का है।

इस खौफनाक मामले में मिली जानकारी के अनुसार, महिला ने पति को जहर देने के बाद खुद ही उसे इलाज के बहाने अस्पताल पहुंचाया था। वहीँ शुरुआत में यह मामला संदिग्ध आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन बच्चों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी मां को पिता को जहर देते हुए देखा है। बच्चों के इस अहम बयान के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और अस्पताल से ही आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया।

महिला के प्रेमी की तलाश में जुटी पुलिस :

वहीँ पुलिस की पूछताछ में महिला ने अपने पति की हत्या की बात कबूल करते हुए प्रेम प्रसंग का खुलासा किया है। आरोपी महिला ने बताया है कि उसका किसी अन्य युवक से संबंध था, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया है। इस मामले में पुलिस अब आरोपी के प्रेमी की तलाश में जुट गई है। इसके साथ ही पुलिस की एक विशेष टीम रायगढ़ रवाना की गई है। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही बच्चों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी। वहीँ यह मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोग हैरान है।