रायपुर : आम जनता पर सरकार द्वारा बेतहाशा टैक्स लगाने के बावजूद प्रशासन आये दिन किसी ना किसी मामले में फंड का रोना रोता रहता है और आम जनता पर जबरन टैक्स थोप देता है, जहाँ निगम ने संपत्ति कर में छूट की बात कही थी वहां अब उस मामले में महापौर का कोई जवाब नहीं आता। वहीँ जहा आम जनता से विभिन्न प्रकार के टैक्स लेकर सरकार विकास के कार्य करती है, वहीँ अब उन्हीं विकास कार्यो को मेंटेनेंस करने के नाम पर भी वसूली करती है। वहीँ अब मामला है राजधानी रायपुर में नगर निगम के एक फैसले को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।
तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) के पाथवे को पार्किंग स्थल घोषित किए जाने के बाद मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक करने वालों में नाराजगी देखने को मिल रही है। राजधानी के लोगों के शाम का पसंदीदा ठिकाना तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) में अब पार्किंग शुल्क लेने का फैसला लिया गया है, जिसे आम लोगों ने अनुचित बताया है, वहीँ बढ़ते हुये ट्रैफिक दबाव का हवाला देते हुए निगम ने पाथवे को पार्किंग जोन घोषित किया है।
इस फैसले के तहत बैनर लगाए जाने के बाद से ही स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। इस मामले में शनिवार को महापौर मीनल चौबे तेलीबांधा तालाब पहुंची। इस दौरान उन्होंने नए निर्णय पर स्थिति स्पष्ट की और महापौर ने बताया है कि पार्किंग शुल्क दोपहर 12 बजे से लागू होगा, जबकि मॉर्निंग वॉक के लिए आने वालों से कोई शुल्क नहीं लिया जायेगा। वहीँ इसको लेकर भी आम लोगों ने खासी नाराजगी जताई है कि आम लोगों से हर जगह निगम पार्किंग शुल्क ही वसूलता रहेगा?
निगम कर्मचारी करेंगे मॉनिटरिंग, जनता से मांगा गया सुझाव :
वहीँ इस मामले को लेकर महापौर मीनल चौबे ने कहा है कि नगर निगम का उद्देश्य पार्किंग से पैसा कमाना नहीं है, बल्कि लोगों को व्यवस्थित और सुरक्षित सुविधा देना है। इसके साथ ही नगर निगम के कर्मचारी मौके पर रहकर मॉनिटरिंग करेंगे। वह फूड जोन में आने वाले वाहनों के मुख्य समय का आंकलन करेंगे। महापौर ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि व्यवस्था सुधारने के लिए आमजन अपने सुझाव दे सकते हैं, ताकि सभी के हित में बेहतर समाधान निकाला जा सके। वहीँ आम लोगों ने पार्किंग फ्री रखने की बात कही है, निगम को पैसा कमाना नहीं है तो फिर पार्किंग शुल्क क्यूँ?निगम अपने स्तर पर व्यवस्था करे। वहीँ इस मामले में महापौर को माचिस मीडिया द्वारा फ़ोन किया गया तो उन्होंने नहीं उठाया।
विरोध की तैयारी में कांग्रेस :
तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) में पार्किंग शुल्क के फैसले को लेकर कांग्रेस भी विरोध के मूड में है। रायपुर कांग्रेस शहर के जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन और पूर्व महापौर प्रमोद दुबे का कहना है कि कांग्रेस जल्द इसका विरोध करेगी। वहीँ यह अनुचित कार्य है, जिससे आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ेगा और लोग यहाँ आने से कतरायेंगे। यह आम जनता की जेब पर सीधा डाका है।
चार पहिया के लिए 20 रुपये और दोपहिया के लिए 10 रुपये :

नगर निगम द्वारा तेलीबांधा तालाब के पाथवे क्षेत्र में पार्किंग शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके तहत चार पहिया वाहनों के लिए 4 घंटे का शुल्क 20 रुपये और दोपहिया वाहनों के लिए 12 घंटे का 10 रुपये तय किया गया है। इस निर्णय के बाद फुटपाथ को पार्किंग में तब्दील किए जाने को लेकर विरोध शुरू हो गया है। इसको लेकर तेलीबांधा तालाब में बैनर भी लगाए गए हैं। आम लोगों से जब इस मामले में पूछा गया तो उन्होंने निगम के इस निर्णय पर कड़ी नाराजगी जताई और कहा आम आदमी के हाथ में कुछ नहीं है, क्या कर सकते है?



